ICAI को नवा रायपुर में पांच एकड़ जमीन मिलेगी, वर्ल्ड क्लास सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) को छत्तीसगढ़ सरकार से बड़ी सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री ने दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 'उत्कर्ष' में कहा कि प्रदेश में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के लिए व्यापक संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए 'वर्ल्ड क्लास सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' की स्थापना के लिए ICAI को पांच एकड़ जमीन देने की घोषणा भी की। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना आईसीएआई करेगा।

सीएम ने कहा, किसी भी राज्य और देश की आर्थिक प्रगति में चार्टर्ड एकाउंटेट्न्स का रोल बेहद अहम होता है। चार्टर्ड अकाउंटेंट व्यापार, व्यवसाय और उद्योग में आईने की तरह होते हैं। वास्तविक आर्थिक स्थिति को दिखाने का काम करने वाले CA आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में गाइड करते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) प्रतिनिधियों ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से जमीन मांगी थी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा, किसी भी क्षेत्र की प्रगति में अच्छा वातावरण जरूरी है। आईसीएआई नवा रायपुर में वर्ल्ड क्लास इंस्टिट्यूट बनाना चाहता है, इसके लिए राज्य सरकार जमीन देगी।
राज्य सरकार की नीतियों का जिक्र कर CM भूपेश बघेल ने कहा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने का हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, बिजली की मांग 4100 मेगावाट से बढ़कर 5800 मेगावाट हो गई है। बिजली की खपत बढ़ना छत्तीसगढ़ की आर्थिक प्रगति दिखाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, लोगों के सपनों को उड़ान देने की जिम्मेदारी सरकार की होती है। व्यापार और व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए नवा रायपुर में 1000 एकड़ में एशिया के सबसे बड़े होल सेल मार्केट की स्थापना की जाएगी।
कार्यक्रम में आईसीएआई के वाइस प्रेसीडेंट रंजीत कुमार अग्रवाल ने कहा, राज्य की इकॉनामी कैसे आगे बढ़े, रिवेन्यू कलेक्शन कैसे बढ़े और नागरिकों को कैसे बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके, इन विषयों पर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स बेहतर योगदान दे सकते हैं। उन्होंने बताया 1949 में संसद के माध्यम से आईसीएआई की स्थापना हुई। 1600 सदस्यों के साथ शुरू हुए आईसीएआई की मेंबरशिप 75 वर्षों में बढ़कर 4 लाख हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications