हरियाणा: बिना आवेदन के BPL राशन कार्ड बनने पर लाभार्थियों ने जताया सरकार का आभार

प्रदेश में नए ऑटोमेटिक तरीके से राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया के बीच बीपीएल राशन कार्ड बनने से लाभार्थियों में खुशी का माहौल है। बिना आवेदन और कार्यालयों के चक्कर काटे ही बीपीएल कार्ड मिलने पर लाभार्थियों ने हरियाणा सरकार और ख़ासतौर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का हार्दिक धन्यवाद किया है। पलवल के हबीब ने राशन कार्ड मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि अब जाकर उनका बीपीएल में नंबर आया है। अब वे हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत रियायत दर पर राशन का लाभ ले सकते हैं।
एक अन्य लाभार्थी रूमन यादव ने बताया कि उन्हें राशन कार्ड बनवाने के लिए किसी दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़े और यह सिर्फ़ परिवार पहचान पत्र में दिए गए डाटा की वजह से ही संभव हो पाया। वहीं लाभार्थी पूनम का फैमिली आईडी बनने के बाद बीपीएल में नाम आया है और अब वे रियायती दर पर मिलने वाले राशन की हकदार हो गई हैं। जिसके लिए उन्होंने प्रसन्नतापूर्वक हरियाणा सरकार का आभार जताया है। इसी तरह हजारों-लाखों लाभार्थियों का बीपीएल आय के नये मानदंड के अनुसार राशन कार्ड बना है।
उल्लेखनीय है कि गरीब परिवारों की चिंता करते हुए राज्य सरकार ने बीपीएल परिवारों की आय सीमा को 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर1.80 लाख रुपये किया है और हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने बीपीएल आय के मानदंड को बदला है। इसके फलस्वरूप, बीपीएल परिवारों की संख्या बढ़कर लगभग 29 लाख हो गई है। प्रदेश में परिवार पहचान पत्र के माध्यम से हर पात्र व्यक्ति को घर बैठे ही राशन कार्ड मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications