किसानों को संकट में डालने के बाद उनके ऊपर टैक्स लगाने की तैयारी में बीजेपी: केटीआर
केटीआर ने कहा कि तेलंगाना सरकार किसान समुदाय के कल्याण के लिए रायथु बंधु, रायथु बीमा और अन्य कार्यक्रमों को लागू करते हुए 24 घंटे मुफ्त बिजली आपूर्ति का विस्तार कर रही है।

तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री केटी रामाराव ने मंगलवार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। केटीआर ने देश में कृषक समुदाय को संकट में डालने और किसानों की आय पर टैक्स लादने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनावों के बाद केंद्र में किसान हितैषी सरकार आनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष बिबेक देबरॉय ने किसानों की आय पर आयकर लगाने की सिफारिश की थी। और, ये सब ऐसे समय में, जब किसान पहले से ही बढ़ती लागत और उनकी उपज के लिए सही कीमत ना मिलने से परेशान हैं। केटीआर ने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन इसके बजाय जब किसानों की आय घट रही है, तब भाजपा सरकार उन पर आयकर लगाने की तैयारी कर रही है, क्या यह किसानों के साथ अन्याय नहीं है?
196 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन करने के बाद यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए तेलंगाना के मंत्री केटीआर ने कहा कि तेलंगाना सरकार किसान समुदाय के कल्याण के लिए रायथु बंधु, रायथु बीमा और अन्य कार्यक्रमों को लागू करते हुए 24 घंटे मुफ्त बिजली आपूर्ति का विस्तार कर रही है।
केटीआर ने कहा कि इसके ठीक उलट भाजपा सरकार किसानों की कमर तोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 12 लाख करोड़ रुपये के कॉर्पोरेट ऋण माफ कर दिए हैं, लेकिन किसानों का समर्थन नहीं कर रही है। केटीआर ने भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि अगर वे उन्हें गलत साबित करे दें तो वह मंत्री पद छोड़ देंगे।












Click it and Unblock the Notifications