घर-घर पर्ची भेजकर गोरखपुर में बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड, 30 सितंबर तक चलेगा अभियान
घर-घर पर्ची भेजकर गोरखपुर में बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड, 30 सितंबर तक चलेगा अभियान
गोरखपुर, 11 सितंबर: आयुष्मान कार्ड से वंचित परिवारों के लिए अच्छी खबर है। अब गोरखपुर जिले में घर-घर पर्ची भेजकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। जिले में 16 से 30 सितंबर तक 'आपके द्वार आयुष्मान 2.0' अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने डीएम और सीएमओ को निर्देश दिए हैं।

योजना के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान पंचायती राज विभाग से जुड़े जन-प्रतिनिधियों और शहरी क्षेत्र में नगर निकाय से जुड़े जन-प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। शहरी क्षेत्र में वार्ड के नोटिस बोर्ड पर जबकि ग्रामीण क्षेत्र में गांव के नोटिस बोर्ड पर लाभार्थियों की सूची चस्पा की जाएगी। कैंप से एक दिन पूर्व आशा कार्यकर्ता या क्षेत्रीय कार्यकर्ता की ओर से लाभार्थी परिवार के मुखिया के नाम से तैयार बुलावा पर्ची उनके घर पहुंचाई जाएगी। बुलावा पर्ची पर नाम, कैंप का स्थान और तिथि अंकित रहेगी।
1.42 लाख परिवारों में पहुंचा है कार्ड
योजना के जिला शिकायत प्रबंधक विनय कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में करीब तीन लाख से अधिक लाभार्थी परिवारों के सापेक्ष 1.42 लाख परिवार ऐसे हैं जिनके किसी न किसी सदस्य के पास आयुष्मान कार्ड उपलब्ध है। जिले में योजना से संबद्ध कुल 96 अस्पताल हैं। जिनमें 26 सरकारी अस्पताल और 70 निजी अस्पताल शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications