हरियाणा पंचायत चुनाव को लेकर घोषणा कल, कांग्रेस, बीजेपी, आप चुनावी मैदान में
चंडीगढ़। ढ़ाई सालों के बाद हरियाणा में चुनाव होने जा रहा है। हरियाणा में पंचायत चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है तो वहीं कल इसे लेकर अहम बैठक होनी है। हरियाणा में पंचायत चुनाव की आहट शुरू होते ही सियासतदान चौकन्ने हो गए हैं। BJP कमेटी के जरिए पूरे चुनाव को साधने की कोशिश में है। आम आदमी पार्टी हरियाणा में यात्रा के जरिए जन समर्थन हासिल करने की योजना बना चुकी है।

कांग्रेस से पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा ने दूसरे दलों में सेंधमारी की तैयारी कर ली है। जननायक जनता पार्टी (JJP) के डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला कार्यकर्ताओं से मिलकर हरियाणा में पैठ बनाने में जुट गए हैं। उनकी मंशा राजनीतिक मैदान में अकेले दम पर आगे बढ़ने की की है।
पंचायत चुनाव को देखते हुए BJP ने 9 मेंबरी कमेटी बना ली है। राज्य के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुज्जर को चेयरमैन बनाया गया है। CM मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता इस पर मंथन कर रहे हैं। साथ ही दूसरे दलों से आने वाले नेताओं को खुद ही पार्टी की सदस्यता दिला रहे हैं। हाल ही में पार्टी ने पंचकूला में एक कार्यक्रम के दौरान हुड्डा के करीबी देवेंद्र चावला सहित 12 बड़े नेताओं को BJP की सदस्यता दिलाई।
वहीं आम आदमी पार्टी हरियाणा में होने जा रहे पंचायत चुनाव को विधानसभा से पहले का सेमीफाइनल मैच मान कर चल रही है। पंचायत चुनाव में पार्टी की पूरी धमक रहे, इसको लेकर राज्यव्यापी यात्रा शुरू कर रही है। AAP की यह 'किसान-मजदूर गांव जोड़ो यात्रा' 2 अक्टूबर से शुरू होगी। जो सांपला में चौधरी छोटूराम स्मारक पर 9 अक्टूबर को समाप्त होगी। दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया भी इस यात्रा में पहुंचेगे। जबकि कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी विरोधियों पर अपनी नजर गड़ाए हुए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ से पार्टी का कुनबा बढ़ाने की मुहिम शुरू की है। इस मुहिम के तहत वह लगातार जिताऊ प्रत्याशियों को कांग्रेस की सदस्यता दिला रहे हैं। हालांकि पार्टी सिंबल पर कांग्रेस यह चुनाव नहीं लड़ेगी। इसके बाद भी चुनाव में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को अपना समर्थन देगी। हुड्डा की तरह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा व अन्य नेताओं ने भी राज्यभ्रमण शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications