Shani Jayanti 2023: अपनी राशि के अनुसार शनिदेव को करें प्रसन्न
Shani Jayanti 2023: शनि की पीड़ा से बचने का सबसे अच्छा उपाय तो यह है कि अपने कर्म अच्छे रखिए।

Shani Jayanti 2023: ज्येष्ठ अमावस्या 19 मई 2023 को शनैश्चर जयंती आ रही है। शनिदेव स्वामी तो केवल दो राशियों मकर और कुंभ के होते हैं किंतु उनका प्रभाव समस्त राशियों पर होता है क्योंकि शनिदेव न्यायाधिपति हैं। वे मनुष्यों को उनके कर्मों के अनुसार अच्छे-बुरे फल देते हैं। शुभ कर्म होंगे तो शनि कभी पीड़ा नहीं देंगे। इसके अलावा अनेक उपाय होते हैं जिनसे शनिदेव प्रसन्न होते हैं। शनैश्वर जयंती के दिन अपनी राशि के अनुसार आप भी शनि शांति के उपाय करें।
- मेष : शनिदेव की कृपा प्राप्त करने के लिए शनैश्चर जयंती के दिन मेष राशि के जातक गरीब रोगियों की सहायता करें, उनका उपचार करवाएं, दवाइयों दान दें या दवाइयों का खर्च उठाएं।
- वृषभ : शनि को प्रसन्न करना है तो शनैश्चर जयंती के दिन किसी साधु को भोजन करवाएं, उससे उसकी इच्छा पूछें और उसके अनुसार उसे वस्तु दान दें। यह वस्तु लोहे की हो तो ज्यादा शुभ।
- मिथुन : शनिदेव की कृपा पाने के लिए शनैश्चर जयंती के दिन चीटियों की बांबी के आसपास तिल का तेल भूमि पर डालें। शनि के प्रसन्न होने की प्रार्थना करें और घर आ जाएं।
- कर्क : शनिदेव की पीड़ा से मुक्ति के लिए शनैश्चर जयंती के दिन कौवों को खीर खिलाएं। शनि मंदिर में जाकर तिल और तिल के तैल का दान करें।
- सिंह : इस राशि के लोगों को विशेष उपाय करने चाहिए क्योंकि यह सूर्य की राशि है। शनि को प्रसन्न करने के लिए शनैश्चर जयंती के दिन मछलियों को आटे की गोलियां खिलाएं।
- कन्या : इस राशि के लोग शनैश्चर जयंती के दिन बरगद के पेड़ की पूजा कर उसकी जड़ को जल से सींचें। शनि मंदिर में में लोहे का कोई पात्र, बर्तन, कढ़ाई, तवा आदि दान करें।
- तुला : शनैश्चर जयंती के दिन तुला राशि के जातक शनि मंदिर के बाहर बैठे भिखारियों को नमकीन चावल बनाकर खिलाएं। उनके लिए जल का प्रबंध भी करें।
- वृश्चिक : शनैश्चर जयंती के दिन गरीबों को काले वस्त्र, चप्पल, जूते का दान करने से शनिदेव प्रसन्न होंगे और आपको पीड़ा से मुक्त करेंगे।
- धनु : धनु राशि के जातक शनि को प्रसन्न करने के लिए गरीबों को भोजन करवाएं, भोजन में उड़द की इमरती जरूर खिलाएं। गरीबों को मौसमी फल भेंट करें।
- मकर : मकर राशि के जातक गरीबों को वस्त्र भेंट करें, शनि मंदिर में बादाम भेंट करें। शनैश्चर जयंती के दिन पीपल के पेड़ की जड़ को मीठे दूध से सींचें।
- कुंभ : शनि की कृपा पाने के लिए कुंभ राशि के जातक शनैश्चर जयंती के दिन उड़द की दाल और सरसों के तेल का दान करें। हनुमान मंदिर में बैठकर शनि स्तोत्र का पाठ करें।
- मीन : मीन राशि के जातक शनि की कृपा प्राप्त करने के लिए गरीबों को धूप से बचाने के लिए छाते, जूते-चप्पलों का दान करें। उनके लिए भोजन का प्रबंध करें।












Click it and Unblock the Notifications