Saubhagya Panchami 2024: आज करें शिव-शंभू की मन से पूजा, पूरी होगी हर मुराद
Saubhagya Panchami 2024: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को सौभाग्य पंचमी के रूप में मनाई जाती है। इस बार सौभाग्य पंचमी 6 नवंबर 2024 बुधवार को आ रही है। इस दिन पांडवों ने भी शिवजी का पूजन कर सुख-समृद्धि और सौभाग्य का आशीर्वाद पाया था इसलिए इसे पांडव पंचमी भी कहा जाता है।
सौभाग्य पंचमी की पूजा जीवन में सुख और सौभाग्य में वृद्धि करती है। इस दिन भगवान शिव का पूजन किया जाता है जो समस्त सांसारिक कामनाओं की पूर्ति करते हैं।

कैसे करें सौभाग्य पंचमी का पूजन
सौभाग्य पंचमी के प्रात: स्नानादि से निवृत्त होकर सर्वप्रथम सूर्य को जल का अर्घ्य दें। इसके पश्चात गणेशजी और भगवान शिव का विधिवत पूजन अभिषेक करें। गणेशजी को चावल के अष्टदल कमल पर विराजित करें। सिंदूर, चंदन, अक्षत, पुष्प, दूर्वा आदि से पूजन करें। शिवजी को बिल्व पत्र, धतूरा, आंकड़े के फूल, भस्म अर्पित कर सफेद वस्त्र भेंट करें। गणेशजी को मोदक और शिवजी को दूध से बनी मिठाई का नैवेद्य लगाएं। सौभाग्य पंचमी की कथा सुनें या पढ़ें।
सौभाग्य पंचमी का लाभ
सौभाग्य पंचमी को लाभ पंचमी भी कहा जाता है क्योंकि इस दिन शिवजी और गणेशजी का पूजन करने से मनुष्य को सर्वत्र लाभ ही लाभ प्राप्त होता है। सौभाग्य पंचमी के दिन प्रसिद्ध शिव और गणेश मंदिरों में जाकर दर्शन अवश्य करना चाहिए और मंदिरों के बाहर बैठे निशक्तों, भिखारियों को भोजन, फल, वस्त्र आदि का दान करना चाहिए। सौभाग्य पंचमी के दिन गणेशजी के मंत्रों का जाप करने से कार्यक्षेत्र, नौकरी, व्यापार-व्यवसाय में लाभ मिलता है। इस दिन नए कार्यों का प्रारंभ करना अत्यंत शुभ होता है।
इस दिन शुरू किया गया काम सदैव लाभ में रहता है। सौभाग्य पंचमी पर नए वस्त्राभूषण आदि खरीदना चाहिए। सौभाग्य पंचमी पर विभिन्न द्रव्यों से किया गया शिवजी का अभिषेक अत्यंत फलदायी होता है। धन-धान्य, सुख-समृद्धि में वृद्धिकारक होता है। इस दिन केसर से शिवजी का अभिषेक करने से धन-धान्य की प्राप्ति होती है। सौभाग्य पंचमी पर किसी सुसंस्कारित ब्राह्मण दंपती को भोजन करवाकर उन्हें उचित दान-दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications