योगी सरकार ने बढ़ाई माध्यमिक स्कूलों को मान्यता देने की डेट, जानें आवेदन की आखिरी तारीख
लखनऊ, जून 04: यूपी की योगी सरकार ने माध्यमिक स्कूलों को मान्यता देने की तारीख को और आगे बढ़ा दिया है। पहले सरकार द्वारा आवेदन की आखिरी तारीख 15 मई 2021 थी। अब इसे यूपी सरकार ने बढ़ाकर 30 जून 2021 कर दिया है। कोरोना के कारण मान्यता आवेदन के लिए तारीख को बढ़ाया गया है। उपमुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए और उससे होने वाली परिस्थितियों के कारण शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए विद्यालयों को मान्यता प्रदान किए जाने हेतु आवेदन करने की आखिरी तारीख 15 मई 2021, बिना किसी लेट शुल्क के इसे बढ़ाकर 30 जून 2021 कर दिया गया है। इस फैसले से तमाम स्कूल संचालकों को राहत मिलेगी और वह शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए मान्यता प्रदान के लिए आवेदन कर सकेंगे।

ऐसे कर सकते हैं आवेदन
इसके लिए आवेदकों को वेबासाइट www.prernaup.in पर जाना होगा। इसपर ऑनलाइन स्कूल रिकग्निशन पर क्लिक करने पर वहां यूजर मैन्युअल, गाइड लाइन समेत सारी जानकारियां मिल जाएंगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश में अब कक्षा 8 तक के स्कूलों को मान्यता, सिर्फ ऑनलाइन आवेदन करने पर ही मिलेगी। सरकार ने ऑफलाइन सिस्टम को खत्म कर दिया है। इस तरह मान्यता देने के नियम और कार्रवाई भी पारदर्शी होगी। इसके लिए प्रेरणा वेबसाइट पर इंटीग्रेट करते हुए इसकी शुरुआत की जा चुकी है।
आवेदन शुल्क घटाया
प्रदेश सरकार ने प्राथमिक स्तर की मान्यता के लिए आवेदन शुल्क घटाकर 5 हजार रुपए और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 10 हजार रुपये कर दिए हैं। पहले प्राथमिक स्तर के लिए आवेदन शुल्क 10 हजार रुपए और जूनियर हाईस्कूल के लिए आवेदन शुल्क 15 हजार रुपए था।












Click it and Unblock the Notifications