India Republic Day: NER की महाप्रबंधक ने गणतंत्र दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज, कहीं ये जरूरी बातें
India Republic Day NER Gorakhpur Latest News Uttar Pradesh: पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर की महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सभी को शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला।
महाप्रबन्धक ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे अपने तीनों मंडलों-इज्जतनगर, वाराणसी एवं लखनऊ के 505 स्टेशनों के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। गोरखपुर जं. स्टेशन, भारतीय रेल पर एन.एस.जी.-1 श्रेणी में वर्गीकृत कुल 28 स्टेशनों में सम्मिलित हो गया है। महाकुम्भ को सफल एवं सुगम्य बनाने के लिये वाराणसी-माधोसिंह-प्रयागराज खंड के दोहरीकरण परियोजना के अन्तर्गत गंगा नदी पर रेल पुल सहित झूसी-प्रयागराज खंड के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण हुआ है तथा मेला क्षेत्र के अन्तर्गत झूसी एवं प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया, जिसका लोकार्पण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 13 दिसम्बर,2024 को किया। पूर्वोत्तर रेलवे को भारतीय रेल स्तर पर संरक्षा शील्ड, रेल मदद शील्ड तथा सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु गोविंद वल्लभ पंत शील्ड प्राप्त करने का गौरव मिला, जिसके लिये मैं आप सभी को बहुत बधाई देती हूँ। हम पूर्वोत्तर रेलवे की आधारभूत संरचना एवं कार्यप्रणाली का आधुनिकीकरण कर यात्रियों को बेहतर एवं द्रुतगामी सुविधा देने की ओर निरन्तर अग्रसर हैं।

उन्होंने कहा कि यात्री सुविधा के क्षेत्र में अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत 11 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यात्रियों को सस्ती एवं गुणवत्तायुक्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये कुल 06 स्टेशनों पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र संचालित हैं, जिनमें बादशाह नगर एवं बरेली सिटी के केंद्र का माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 13 नवम्बर,2024 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया था। 87 एस्केलेटर एवं 69 लिफ्ट का कार्य प्रगति पर है। 16 स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज तथा 16 स्टेशनों पर 17 उच्च-तल के प्लेटफार्म (नया/विस्तार) का कार्य पूर्ण किया गया। 31 स्टेशनो पर दिव्यांगजनों से सम्बन्धित सुविधायें बढ़ाई गईं।
महाप्रबन्धक ने कहा कि डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिये 623 पी.आर.एस. एवं यू.टी.एस. काउंटरों पर क्यू.आर. कोड डिवाइस से ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 72 स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट वितरण हेतु 108 नये स्मार्ट कार्ड आधारित ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ए.टी.वी.एम.) स्थापित हैं। इसके अतिरिक्त महाकुम्भ मेला हेतु प्रयागराज रामबाग एवं झूसी स्टेशनों पर 23 ए.टी.वी.एम. लगाये गये हैं। 27 स्टेशनों पर पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें से 21 स्टेशनों पर क्यू.आर. कोड डिवाइस से ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 09 स्टेशनों एवं 01 परिसर को 'ईट राइट स्टेशन' का सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ।
माथुर ने कहा कि महाकुम्भ के अवसर पर कुम्भ थीम पर आधारित 32 कोच तैयार कर संचालित किये जा रहे हैं। 26 मार्च,2024 से 22545/22546 लखनऊ जं.-देहरादून-लखनऊ जं. वंदे भारत एक्सप्रेस तथा 23 सितम्बर, 2024 से 20175/20176 बनारस-आगरा कैंट-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचलन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त माह दिसम्बर,2024 तक कुल 11 जोड़ी नई ट्रेनों का संचलन प्रारम्भ किया गया तथा 02 जोड़ी टेªनों का मार्ग विस्तार किया गया। 162 विशेष गाड़ियों का संचलन 2,668 फेरों में किया गया। ट्रेन सेट डिपो, औंड़िहार में 03 मेमू रेक की कमीशनिंग की गई।
महाप्रबन्धक ने कहा कि 132.86 मिलियन आरम्भिक यात्रियों ने यात्रा की, जो गत वर्ष के इसी अवधि की यात्री संख्या 112.77 मिलियन से लगभग 18 प्रतिशत अधिक है। माह दिसम्बर,2024 तक रू. 2,280 करोड़ की आरम्भिक यात्री आय हुई, जो गत वर्ष की इसी अवधि से 5.85 प्रतिशत अधिक है तथा माल लदान से रू. 413 करोड़ की आय हुई, जो लक्ष्य से 1.8 प्रतिशत अधिक है। सकल राजस्व रू. 3,056 करोड़ प्राप्त हुआ, जो गत वर्ष की समान अवधि से 7.4 प्रतिशत अधिक है। सघन टिकट जाँच अभियान के फलस्वरूप माह दिसम्बर, 2024 तक 10 लाख बिना टिकट/अनियमित टिकट एवं बिना बुक सामान के मामले पकड़े गये, जिनसे रू. 68.62 करोड़ रेल राजस्व की प्राप्ति हुई।
सुश्री सौम्या माथुर ने कहा कि विभिन्न विभागों में 17 कर्मचारियों की ग्रुप 'बी' में पदोन्नति, 129 अनुकम्पा के आधार पर नियुक्तियां, 40 स्पोर्ट्स कोटे की नियुक्तियां, 08 स्काउट एवं गाइड कोटे की नियुक्तियां तथा आर.आर.बी. से प्राप्त 348 अभ्यर्थियों की नियुक्तियां की गई। मान्यता प्राप्त कर्मचारी यूनियनों के चुनाव हेतु शांतिपूर्ण तरीके से सीक्रेट बैलेट इलेक्शन कराया गया, जिसमें लगभग 38,000 कर्मचारियों ने भाग लिया। अराजपत्रित संवर्ग में 876 कर्मचारियों को एम.ए.सी.पी. का लाभ दिया गया तथा 3,014 कर्मचारियों की पदोन्नति की गई। कर्मचारी कल्याण निधि से लगभग रू. 89 लाख की कैंसर से पीड़ित मामलों में रेल कर्मियों/उनके परिजनों को सहायता, कर्मचारियों के बच्चों को तकनीकी/व्यावसायिक शिक्षा हेतु रू. 85 लाख की छात्रवृत्ति तथा महिला सशक्तिकरण हेतु रू. 14 लाख की राशि प्रदान की गई। 16 दिसम्बर,2024 को आयोजित पेंशन अदालत में कुल 217 मामलों का निस्तारण किया गया। 162 स्थलों पर आयोजित सम्पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प में 5,152 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा हृदय रोग विशेषज्ञों के सहयोग से 17 कार्डियोलॉजी कैम्प में 1,475 कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों का परीक्षण किया गया। 56 प्राइवेट चिकित्सालय को उपचार हेतु अनुबन्धित किया गया।
सुश्री माथुर ने कहा कि ये उपलब्धियां पूर्वोत्तर रेलवे के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जिसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। रेल प्रबन्धन में कर्मचारी संगठनों का निरन्तर पूर्ण सहयोग मिल रहा है तथा रेल प्रशासन व कर्मचारी संगठनों के बीच सौहार्द्रपूर्ण सम्बन्ध व्याप्त है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुये कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से पूर्वोत्तर रेलवे निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा और देश को आगे बढ़ाने में अपना बहुमूल्य योगदान देगा।
इस अवसर पर ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय, गोरखपुर में महाप्रबन्धक ने रोगियों को फल एवं उपहार वितरित किया तथा पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवो) द्वारा संचालित स्वर्ण जयन्ती विद्यालय, बौलिया रेलवे कालोनी, गोरखपुर में ध्वज फहराया किया, विद्यालय में नवनिर्मित क्रीड़ास्थल का उद्घाटन किया, बच्चों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन के कार्यों में सहयोगी ग्रुप डी कर्मचारियों को जैकेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।












Click it and Unblock the Notifications