CM बघेल ने कहा- निजी क्षेत्रों की पहल पर राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी
रायपुर। भूपेश बघेल ने गुरुवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में रायपुर के बेमता-सरोरा में इंडस बेस्ट मेगा फूड पार्क का शुभारंभ किया। इस फूड पार्क में फलों और सब्जियों के गूदे और टमाटर, आम, ब्लूबेरी, पपीता, अमरूद, आंवला और लौकी, करेले के गूदे, जूस तैयार करने की अंतरराष्ट्रीय मानक की प्रसंस्करण और पैकेजिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं।

निजी क्षेत्र के इस मेगा फूड पार्क में इसके अलावा मटर, आम के स्लाइस, पपीते के स्लाइस, पत्तेदार सब्जियों के लिए फूड पार्क में 6650 टन क्षमता के कोल्ड स्टोरेज व 22 हजार टन ड्राई वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल कार्यक्रम ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना सहित किसानों और वनवासियों के हित में निजी क्षेत्र द्वारा की जाने वाली हर पहल को राज्य सरकार हर संभव मदद देगी।
छत्तीसगढ़ में 110 फूड पार्क स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जमीनों का चिन्हांकन किया जा चुका है। प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में कम से कम एक फूड पार्क की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इस अवसर पर कहा है कि आज इस बात की आवश्यकता है कि किसानों की फसलों की उत्पादकता बढ़े।
उन्होंने कहा-कृषि और उद्यानिकी फसलों का प्रसंस्करण हो और किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम मिले। इसके लिए केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने की योजनाएं का लाभ लेने में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका का निर्वाह करे।
केंद्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना लागू की गई है। छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति में फूड पार्कों की स्थापना के लिए निजी क्षेत्र को भूमि आवंटन के साथ अनुदान देने का प्रावधान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications