गुजरात में रूपाणी सरकार ने महिला उत्कर्ष योजना का वेब पोर्टल किया लॉन्च, अब तक 44,854 महिला समूहों का गठन
अहमदाबाद। गुजरात में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अगुवाई वाली सरकार ने महिला उत्कर्ष योजना का वेब पोर्टल शुरू किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमने राज्य की मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री महिला उत्कर्ष योजना की पूरी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस योजना का वेब पोर्टल www.mmuy.gujarat.gov.in लॉन्च किया है।

बता दिया जाए कि, राजधानी गांधीनगर में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री महिला उत्कर्ष योजना की प्रगति, योजना के लाभार्थियों तथा साझेदार बैंकों व वित्तीय संस्थानों के विस्तृत ब्यौरे के साथ प्रस्तुत किया गया। रूपाणी की प्रेरणा और मार्गदर्शन से राज्य में शुरू की गई बहुउद्देशीय मुख्यमंत्री महिला उत्कर्ष योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हजार और शहरी क्षेत्रों में 50 हजार समेत कुल 1 लाख महिला समूहों की 10 लाख माता-बहनों को प्रति समूह 1 लाख रुपए की सहायता खुद का गृह उद्योग या छोटा-मोटा व्यवसाय शुरू करने के लिए दी जाती है।
संयुक्त देयता आय और बचत समूह का गठन कर ऐसे महिला समूहों को राष्ट्रीयकृत, निजी या सहकारी बैंकों के अलावा विभिन्न वित्तीय संस्थानों के मार्फत 1 लाख रुपए का कर्ज दिया जाएगा। मुख्यमंत्री की ओरसे लॉन्च किए गए वेब पोर्टल पर योजना की पूरी जानकारी, लाभार्थी की पात्रता तथा समूह का गठन होते ही ग्रामीण स्तर पर ही उसकी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध होगी।
इसके परिणामस्वरूप योजना में साझेदार बैंकों को उनके कार्यक्षेत्र के महिला समूहों की जानकारी सीधे मिल जाने से कर्ज स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी आएगी और पेपरलेस गवर्नेंस का दृष्टिकोण साकार होने से बैंक इस पोर्टल पर दिए गए स्टेटस के आधार पर महिला समूहों की कर्ज से संबंधित अपनी प्रक्रिया शुरू कर देंगे। संबंधित महिला समूह के लाभार्थी या पंजीयक को भी वेब पोर्टल के जरिए उनके कर्ज की स्थिति को लेकर जानकारी मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने गत वर्ष 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवसर पर राज्य की महिला शक्ति की आर्थिक उन्नति की भेंट के रूप में मुख्यमंत्री महिला उत्कर्ष योजना का राज्यव्यापी शुभारंभ किया था। इस योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए राज्य सरकार ने अब तक 65 अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक, 124 सहकारी बैंक तथा अन्य बैंकों सहित कुल 189 बैंकिंग संस्थाओं के साथ एमओयू किया है।
मुख्यमंत्री महिला उत्कर्ष योजना के अंतर्गत राज्यभर में 44,854 संयुक्त देयता आय और बचत समूह का गठन हो चुका है। इसके परिणामस्वरूप राज्य की ऐसी 4 लाख 48 हजार महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला उत्कर्ष योजना का लाभ मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications