छत्तीसगढ़ः कोरोना से निपटने के लिए प्रदेश में मजबूत की जाएगी स्वास्थ्य सुविधा व संसाधन
रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ में कोरोना जैसी महामारी से निपटने के लिए स्वास्थ्य सुविधा और संसाधानों को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए हर जिले की आवश्यकता के अनुसार वहां सुविधा मुहैया कराई जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसके लिए स्वास्थ्य अधोसंरचना विकसित करने के लिए जिलावार योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने निवास कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। सीएम से मिले निर्देशों के आधार पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से कलेक्टरों की बैठक लेकर क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
अफसरों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवा और संसाधनों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इससे न केवल कोरोना व उसके जैसी अन्य महामारियों का सामना करना आसान होगा, बल्कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध होगी। मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टरों को अपने जिले में मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ), औद्योगिक सामाजिक सुरक्षा (सीएसआर), कोविड दान की राशि, सांसद- विधायकमद, नगरीय निकाय के पास उपलब्ध मद, नेशनल हेल्थ मिशन, जीवन दीप आदि के रूप में पर्याप्त धन राशि उपलब्ध है।
बैठक में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त डा. एम. गीता, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य डा. आलोक शुक्ला सहित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, संभागायुक्त, कलेक्टर तथा जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
जिलों में इन सुविधाओं को बढ़ाने की जरूरत
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव डा. आलोक शुक्ला ने बताया कि जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हमारे हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार हैं। इनमें आपरेशन थिएटर, लेबर रूम व वार्ड आदि पर्याप्त हैं, लेकिन यह भी जरूरी है कि इनमें आइसीयू, ब्लड बैंक और एक्स-रे जांच और दवाई आदि की सुविधाएं बढ़ाई जाएं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आक्सीजन कंसंट्रेटर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आक्सीजन सिलेंडर और कम से कम दो वेंटिलेटर और मेडिकल कालेज में लिक्विड आक्सीजन और आक्सीजन प्लांट की उपलब्धता जैसे प्रयासों को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने कोविड के कारण हाट बाजारों के चलित मेडिकल यूनिट जो बंद हो गए थे, उन्हें फिर से शुरू करने को कहा।












Click it and Unblock the Notifications