CM खट्टर ने किया ऐलान- वंचित परिवारों को मिलेगा हरियाणा में 1 महीने में गैस कनेक्शन, अभियान शुरू
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ऐलान किया है कि, जो परिवार घरेलू गैस कनेक्शन से वंचित हैं, उन्हें आगामी एक माह में कनेक्शन दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, इसके लिए सघन अभियान चलाकर उज्ज्वला योजना के तहत संबंधित विभाग यह कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार में घरेलू गैस से वंचित पात्र परिवारों को यह सुविधा जरूर मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि, हमारी सरकार बीमा योजना से संबंधित किसानों की समस्याओं का भी समाधान निकालेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को फसल बीमा योजना से जुड़ी किसानों की समस्याओं को तुरंत हल करने को कहा। वहीं, एक नवंबर से पहले जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के हर घर में पेयजल कनेक्शन देने का काम पूरा करने का निर्देश दिया है। बता दें कि, मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिशा कमेटी की प्रांत स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर घर में पीने का पानी उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत एक नवंबर से पहले हर गांव के हर घर में पेयजल कनेक्शन देने का कार्य पूरा करें।

ढाणी भी कवर की जाएं। जिला स्तरीय दिशा कमेटियों की बैठकें हर तीन माह में अवश्य हों। प्रदेश स्तरीय बैठक में सभी डीसी को अगली बार जोड़ा जाए। इससे जिलों में आ रही समस्याओं के बारे में तत्काल बातचीत की जा सकेगी। मनोहर लाल ने कोविड महामारी के मद्देनजर स्कूल स्टाफ के लिए विशेष टीकाकरण शिविर लगाने का निर्देश दिया। महामारी के दोबारा उभरने की आशंका के मद्देनजर यह जरूरी है। प्रदेश में कोई भी बच्चा स्कूल शिक्षा से वंचित न रहे।

गांव स्तर पर ही मिले वृद्धावस्था पेंशन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा सम्मान पेंशन योजना का लाभ बुजुर्गो एवं अन्य लाभार्थियों को गांव स्तर पर ही देना सुनिश्चित करें। हर गांव में बन रहे नए ग्राम सचिवालयों में कॉमन सर्विस सेंटर का प्रावधान किया जा रहा है। इसमें ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।












Click it and Unblock the Notifications