दिल्ली के रोहिणी में स्थित बाल भारती स्कूल को टेकओवर करेगी दिल्ली सरकार, LG से मिली मंजूरी
नई दिल्ली, जुलाई 30। देश की राजधानी दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों में मनमानी फीस का मुद्दा हमेशा से ही बहुत बड़ा रहा है। इस मुद्दे पर दिल्ली सरकार समय-समय पर सराकर कुछ ना कुछ करती रही है। इस बीच दिल्ली सरकार ने रोहिणी के बाल भारती स्कूल के प्रबंधन को टेकओवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस काम के लिए दिल्ली सरकार को उपराज्यपाल की भी मंजूरी मिल गई है।

शिक्षा निदेशालय की ओर से फीस बढ़ोतरी को वापस लेने के दिए आदेश का बार-बार उल्लंघन करने पर बाल भारती स्कूल को दिल्ली सरकार टेकओवर करने का नोटिस भेजा है। गुरुवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार अभिभावकों के साथ खड़ी है। स्कूल मनमाने ढंग से फीस नहीं बढ़ा सकते हैं।
दिल्ली सरकार का शिक्षा निदेशालय, रोहिणी स्थित बाल भारती स्कूल के प्रबंधन को अपने हाथ में लेगा। सरकार का कहना है कि मनमाने तरीके से बढ़ाई गई फीस को वापस लेने के लिए शिक्षा निदेशालय कई बार आदेश जारी कर चुकी है, लेकिन स्कूल प्रबंधन उन आदेशों का पालन नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बाल भारती स्कूल के प्रबंधन को अपने हाथ में लेने के लिए शिक्षा निदेशालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। यह फाइल एलजी के पास भेजी गई थी, जिसे वहां से भी मंजूरी मिल गई है।
निदेशालय ने वित्तीय वर्ष 2016-2017 से 2017-2018 के लिए बाल भारती स्कूल के वित्तीय विवरण का गहनता से निरीक्षण किया था। अभिलेखों के निरीक्षण के दौरान शिक्षा निदेशालय ने पाया कि 2017-2018 के लिए स्कूल के पास कुल धनराशि 23,81,82,958 थी। इसमें से 20,94,38,802 रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया था। इसके बाद भी स्कूल प्रबंधन के पास करीब 2,87,44,156 रुपए की धनराशि सरप्लस में थी। निदेशालय इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि स्कूल को अभी फीस बढ़ाने की कोई आवश्यकता नहीं है और उसने 2017-2018 के लिए स्कूल के प्रस्तावित फीस बढ़ोतरी को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications