दिल्ली में BJP का 'मेरा बूथ कोरोना मुक्त' अभियान, कहा- हमें फोन करके मांगें मदद
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रदेश भाजपा 'मेरा बूथ कोरोना मुक्त' अभियान शुरू करेगी। भाजपा ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इन हेल्पलाइन नंबर पर डाक्टरी सलाह के साथ होम आइसोलेशन में रह रहे लोग भोजन के लिए मदद मांग सकते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता व अन्य वरिष्ठ नेताओं की हुई उच्चस्तरीय बैठक में लोगों की मदद का फैसला लिया गया। प्रदेश प्रवक्ता नवीन कुमार ने बताया कि, भाजपा ने विभिन्न माध्यमों से लोगों की मदद करेगी।

नवीन कुमार ने कहा कि, हेल्पलाइन नंबर 7303414917, 9717247796 और 9958837228 पर लोग खाने और चिकित्सीय सलाह की मदद मांग सकते हैं। प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा इस अभियान की निगरानी करेंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा ने 'मेरा बूथ कोरोना मुक्त' अभियान के तहत अपने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि सेवा ही संगठन मानते हुए इस कार्य में प्राथमिकता के आधार पर जुड़े।
वहीं, दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि यह दुखद है कि इस गंभीर कोविड संकट काल में भी आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक नगर निगमों पर आरोप- प्रत्यारोप की झूठी राजनीति में लगे हैं। उन्होंने कहा कि तीनों नगर निगम गत एक वर्ष से होम क्वारंटाइन में रह रहे मरीजों के घरों से कूड़ा एकत्र करने का कार्य पूरे समर्पण भाव से कर रहे हैं। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए निगमों ने गत सप्ताह लोगों के लिए केंद्रीयकृत फोन नंबर भी जारी किए हैं। जिन पर फोन कर ऐसे लोग अपना कूड़ा उठवा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications