तृतीय बनारस लिट फेस्ट बुक अवॉर्ड्स 2027 के लिए नामांकन आमंत्रित, 31 अक्टूबर 2026 तक भेज सकेंगे प्रविष्टियाँ
बनारस लिट फेस्ट ने तृतीय बनारस लिट फेस्ट बुक अवॉर्ड्स 2027 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। प्रकाशक और पात्र स्वतंत्र लेखक हिंदी तथा अंग्रेज़ी में प्रकाशित पुस्तकों की प्रविष्टियाँ 15 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक भेज सकेंगे। देश भर के प्रकाशक तथा स्वतंत्र लेखक हिंदी और अंग्रेज़ी में प्रकाशित अपनी पुस्तकों की प्रविष्टियाँ भेज सकते हैं।
ये पुरस्कार 4 से 7 फ़रवरी 2027 तक होटल ताज, बनारस में आयोजित होने वाले पाँचवें बनारस लिट फेस्ट के दौरान प्रदान किए जाएंगे. पुरस्कार समारोह 7 फ़रवरी 2027 को होगा।

पिछले दो वर्षों में बनारस लिट फेस्ट बुक अवॉर्ड्स ने लेखकों, अनुवादकों, प्रकाशकों और पाठकों के बीच एक विश्वसनीय साहित्यिक सम्मान के रूप में अपनी पहचान बनाई है. इन पुरस्कारों का उद्देश्य केवल श्रेष्ठ पुस्तकों का चयन करना नहीं है, बल्कि भारतीय भाषाओं और साहित्यिक परंपराओं के बीच एक व्यापक संवाद को भी आगे बढ़ाना है। इस वर्ष पुरस्कार निम्नलिखित श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे:
हिंदी
• प्रेमचंद पुरस्कार : कथा
• राहुल सांकृत्यायन पुरस्कार : कथेतर गद्य
• कबीर पुरस्कार : कविता
• महादेवी वर्मा पुरस्कार : अनुवाद
अंग्रेज़ी
• रस्किन बॉन्ड पुरस्कार : फिक्शन
• सर्वपल्ली राधाकृष्णन पुरस्कार : नॉन-फिक्शन
• सरोजिनी नायडू पुरस्कार : पोएट्री
• रवीन्द्रनाथ टैगोर पुरस्कार : ट्रांसलेशन
इनके अतिरिक्त तीन विशेष सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।
• भारतेन्दु हरिश्चंद्र लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, पुरस्कार राशि ₹1,00,000
• कालिदास अवार्ड फॉर इंडियन लैंग्वेज , पुरस्कार राशि ₹51,000.
• विवेकानंद युथ राइटर अवार्ड (35 वर्ष अथवा उससे कम आयु के लेखक के लिए), पुरस्कार राशि ₹51,000
प्रत्येक पुरस्कार के साथ ₹51,000 की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किया जाएगा। 1 जनवरी 2025 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच प्रकाशित पुस्तकें पात्र होंगी. प्रत्येक प्रकाशक प्रत्येक श्रेणी में अधिकतम चार पुस्तकों का नामांकन भेज सकता है. पात्रता की शर्तें पूरी करने वाले स्वतंत्र लेखक भी अपनी पुस्तकें सीधे भेज सकते हैं।
पुरस्कार प्रक्रिया
15 अगस्त 2026 : नामांकन प्रारम्भ
31 अक्टूबर 2026 : नामांकन की अंतिम तिथि
25 दिसंबर 2026 : प्रत्येक श्रेणी की दस पुस्तकों की दीर्घ सूची की घोषणा
4 जनवरी 2027 : प्रत्येक श्रेणी की पाँच पुस्तकों की संक्षिप्त सूची की घोषणा
9 जनवरी 2027 : विजेताओं की घोषणा
7 फ़रवरी 2027 : पाँचवें बनारस लिट फेस्ट के दौरान पुरस्कार वितरण समारोह
इस अवसर पर बनारस लिट फेस्ट के अध्यक्ष दीपक माधोक ने कहा, "अच्छी पुस्तकें समय के साथ अपना अर्थ बदलती रहती हैं, लेकिन उनका महत्व कम नहीं होता. बनारस लिट फेस्ट बुक अवॉर्ड्स का उद्देश्य ऐसी पुस्तकों की पहचान करना है जो अपने समय से आगे जाकर भी पढ़ी जा सकें. हमारा प्रयास है कि यह सम्मान अपनी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और साहित्यिक दृष्टि के कारण लेखकों और पाठकों का विश्वास अर्जित करे।"
बनारस लिट फेस्ट के संस्थापक एवं सचिव बृजेश सिंह ने कहा, "बनारस सदियों से भाषाओं, विचारों और परंपराओं के मिलन का नगर रहा है. यह पुरस्कार उसी परंपरा का एक समकालीन विस्तार है. हम चाहते हैं कि भारतीय भाषाओं में हो रहे श्रेष्ठ लेखन को वह सम्मान और पाठकीय संवाद मिले, जिसका वह अधिकारी है।"
बनारस लिट फेस्ट के कोषाध्यक्ष धवल प्रकाश ने कहा, 'बनारस सदियों से लेखकों और विचारकों का घर रहा है. हर पुस्तक एक विश्वसनीय मंच की अधिकारी है, और बीएलएफ बुक अवॉर्ड्स का उद्देश्य निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सार्थक साहित्यिक योगदानों को मान्यता देना है।'
अपने पाँचवें संस्करण में प्रवेश कर रहा बनारस लिट फेस्ट आज देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
इस वर्ष भारत और विदेशों से तीन सौ से अधिक लेखक, कलाकार, विद्वान, अनुवादक, प्रकाशक, नीति-निर्माता और जनबुद्धिजीवी इसमें भाग लेंगे। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में पचहत्तर से अधिक साहित्यिक सत्र, ग्यारह से अधिक भारतीय भाषाओं की सहभागिता, पुस्तक लोकार्पण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, विरासत यात्राएँ और तृतीय बनारस लिट फेस्ट बुक अवॉर्ड्स का आयोजन होगा।
यह आयोजन साहित्य अकादेमी तथा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ देश के अनेक प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थान और साहित्यिक संगठन भी जुड़े हुए हैं। नामांकन, पात्रता, नियमावली और आवेदन प्रपत्र से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी www.banaraslitfest.org पर जाकर Quick Links के अंतर्गत उपलब्ध BLF Book Awards अनुभाग देख सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
