भोपाल में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने के लिए उठाए जाएं सभी जरूरी कदम- भूपेंद्र सिंह
भोपाल, अगस्त 03। शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को लेकर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को सुदृढ़ किया जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इंट्रा व इंटर सिटी बसों के जरिए शहरों में प्रदूषण कम होने के साथ ही दुर्घटनाएं भी कम होंगी। शहरी बस परिवहन के लिए टेंडर की शर्तों का पालन कड़ाई से किया जाए। शर्तों के मुताबिक शहरों के अंदर व विभिन्न शहरों के बीच चलाई जाने वाली बसों की संख्या पूरी होनी चाहिए। शर्तों का उल्लंघन करने पर टेंडर निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता शहर के अंदर नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। इसमें कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि ग्वालियर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को व्यवस्थित किया जाए। बैठक में बताया गया कि अमृत योजना में शुरू की गई सूत्र सेवा में प्राथमिक रूप से इंट्रा सिटी के लिए 70 और इंटर सिटी के लिए 30 का अनुपात निर्धारित किया गया था। अमृत योजना में प्रदेश को 258 करोड़ रुपये शहरी परिवहन के लिए मिले थे।
इधर, मंत्री ने राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) स्वीकृत निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने को लेकर समीक्षा बैठक ली। इसमें उन्होंने वल्लभ भवन क्रमांक एक के रिनोवेशन के संबंध में भी चर्चा की। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण करवाने और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान देने की बात कही। इस दौरान मंत्री ने कहा कि टीटी नगर स्थित मल्टीपर्पज इनडोर हॉल का कार्य जल्द पूरा करें। इसमें किसी भी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए। बैठक में बताया गया कि सोनागिरि से रजतनगर होते हुए अयोध्या बायपास तक की सड़क का कार्य 95 प्रतिशत और जेके अस्पताल-बावड़िया मार्ग पर ब्रिज का कार्य 85 प्रतिशत पूरा हो गया है।
भोपाल में सीपीए द्वारा वर्ष 2021 में 42 हजार से अधिक पौधे लगाए गए हैं। राजधानी परियोजना वन मंडल द्वारा विगत पांच वर्षों में कराए गए पौधारोपण में 98 प्रतिशत पौधों का जीवित होना पाया गया है। यह मूल्यांकन एप्को द्वारा बाह्य संस्था से करवाया गया है। इस दौरान आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास निकुंज श्रीवास्तव, उप सचिव तरुण राठी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications