अजय भट्ट को मिला पर्यटन व रक्षा राज्यमंत्री का पदभार, पर्यटन से संबंधित योजनाओं को गति देने में भी मिलेगी मदद
अजय भट्ट को मिला पर्यटन व रक्षा राज्यमंत्री का पदभार, पर्यटन से संबंधित योजनाओं को गति देने में भी मिलेगी मदद
देहरादून, 08 जुलाई: केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट को पर्यटन व रक्षा राज्यमंत्री का पदभार मिलना उत्तराखंड की दृष्टि से बेहद मुफीद है। इससे न केवल यहां रक्षा क्षेत्र से संबंधित उद्यमों की समस्याओं को दूर किया जा सकेगा बल्कि पर्यटन से संबंधित योजनाओं को गति देने में भी मदद मिलेगी।

उत्तराखंड सैन्य बहुल प्रदेश है। एक समय ऐसा भी रहा जब प्रदेश का हर पांचवा व्यक्ति सेना में था। यहां बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक निवास करते हैं। इसके साथ ही चीन व नेपाल सीमा से सटा होने के कारण यह सामरिक दृष्टि से भी बेहद अहम है। सीमाओं को सुरक्षित बनाने के लिए सेना यहां लगातार विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। प्रदेश में कई स्थानों पर कैंट क्षेत्र हैं। सुरक्षा मानकों के कारण कई बार इससे क्षेत्रीय हित भी प्रभावित होते हैं।
प्रदेश सरकार इन बातों को केंद्र के समक्ष समय-समय पर उठाती भी रही है। अब प्रदेश के सांसद का ही राज्यमंत्री होने से इन बातों का समाधान मिल सकता है। प्रदेश सरकार यहां रक्षा उद्योग के विकास पर जोर दे रही है। भट्ट से राज्य को सहयोग मिल सकेगा। वहीं बात करें पर्यटन की तो उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश के रूप में धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रहा है। इसे और संबल देने के लिए प्रदेश सरकार केंद्र के सहयोग से कई योजनाएं चला रहा है और कई योजनाओं के प्रस्ताव केंद्र में लंबित चल रहे हैं।
इनमें प्रसाद योजना, स्वदेश दर्शन योजना, महाभारत सर्किट योजनाएं आदि कई अन्य योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल प्रदेश में पर्यटन को गति मिलेगी बल्कि स्थानीय निवासियों के सामने रोजगार के द्वार भी खुलेंगे। अब पर्यटन मंत्रालय में प्रदेश का प्रतिनिधित्व होने के कारण इन योजनाओं को निश्चित तौर पर गति मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications