Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

WC Semifinal: शमी की गेंदों ने ढाया कहर, वानखेड़े स्टेडियम में चली नीली लहर

WC Semifinal: मुंबई में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल की कहानी कुछ यूं रही कि समुद्र के किनारे खड़े वानखेड़े स्टेडियम में नीली लहर दौड़ गयी। एक ओर गेंदबाजी में शमी का कहर बरपा तो दूसरी ओर विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय वन डे मैचों में शतकों के मामले में सचिन तेंदुलकर के होमग्राउण्ड पर उनसे आगे निकल गये। इसका परिणाम यह निकला कि 12 साल बाद टीम इंडिया वनडे विश्व कप के फाइनल में खड़ी है। न्यूज़ीलैंड से 2019 विश्व कप सेमीफइनल में मिली हार का बदला पूरा हो चुका है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया का परफेक्ट टेन यानी टूर्नामेंट में टीम लगातार दसवीं जीत दर्ज कर नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है।

ये चौथा मौका है जब टीम इंडिया वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। अब निगाहें अहमदाबाद में होने वाले फाइनल मुक़ाबले पर टिकी हैं। तीसरी बार विश्व विजेता बनने की दहलीज़ पर खड़ी अजेय टीम इंडिया टूर्नामेंट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने के ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड से भी महज एक जीत दूर है। 2003 और 2007 विश्व कप में चैंपियन बने कंगारूओ ने दोनों ही बार अजेय रहते हुए 11-11 मैच जीतकर इतिहास रचा था। टीम इंडिया के खिलाड़ियों का अंदाज बता रहा है कि वो इस रिकॉर्ड को पार करने के लिए कितने बेताब हैं।

World cup 2023 Semifinal mohammed shami wickets records history

वैसे न्यूज़ीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में इतिहास तो भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने भी रचा। शमी सातवें आसमान पर हैं, इसलिए इस मैच को सेमीफाइनल कहने की बजाय शमी फाइनल भी कहा जा रहा है। इस नॉकआउट मुकाबले में शमी ने जो कारनामा किया, उसे पार करना किसी भी गेंदबाज़ के लिए आसान नहीं होगा।

टूर्नामेंट के सबसे मुश्किल मैच में स्कोर बोर्ड पर 397 रन जोड़ने के बावजूद भारतीय गेंदबाज़ों की अग्निपरीक्षा थी। बड़े स्कोर का पीछे करने उतरे न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ अपने आक्रमक तेवरों से भारतीय गेंदबाज़ों से सवाल पूछ रहे थे। क्या बुमराह, क्या जडेजा, क्या सिराज और क्या कुलदीप, हर चैंपियन गेंदबाज़ वानखेड़े के सपाट विकेट पर न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ों को परेशान करने में नाकाम साबित हो रहा था। तब कप्तान रोहित शर्मा ने शमी की ओर देखा, उनके हाथों में गेंद थमाई। फिर क्या था। आम तौर पर शांत रहने वाले शमी ने अपनी गेंदों से वानखेड़े के बेजान दिख रहे विकेट पर आग लगा दी। मानों वे कप्तान से कह रहे हों कि शमी है तो फिर किस बात की कमी है?

ऑफ स्टंप के बाहर जाती फुल लेंथ गेंदें हो या फिर मिडिल विकेट पर आती या फिर स्लोअर गेंदें, शमी के हर दांव ने कीवी बल्लेबाज़ो को मुश्किल में डाला। जब मैच ख़त्म हुआ तो 9.5 ओवर की गेंदबाज़ी में 57 रन खर्च कर 7 विकेट शमी के नाम थे। विश्व कप इतिहास में ये किसी भारतीय गेंदबाज़ का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इतना ही नहीं शमी विश्व कप टूर्नामेंट में सबसे तेज़ 50 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज़ भी बन गए। शमी के नाम अब एक विश्व कप टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज़ का रिकॉर्ड भी दर्ज है। मौजूदा विश्व कप में वे अब तक 23 विकेट ले चुके हैं। इस बार के टूर्नामेंट में वो दो बार विकेटों का पंजा लगा चुके हैं। कप्तान रोहित शर्मा भी कहते दिखे कि ये शमी ही थे जिन्होंने टीम को टर्निंग प्वाइंट दिलाया। मैन ऑफ द मैच बने शमी तो बस यही कहते दिखे कि- 'आगे पता नहीं विश्व कप में खेलने का चांस मिलेगा या नहीं, इसलिए जो मौके मिल रहे हैं उन्हीं पर परफॉर्म कर लेता हूं।'

वैसे मौजूदा विश्व कप टूर्नामेंट में ये पहला मौका रहा जब भारतीय गेंदबाज़ों को इतने मुश्किल टेस्ट से गुजरना पड़ा। इसने उन्हें ना सिर्फ फाइनल से पहले अपनी गेंदबाज़ी के लिए नई रणनीति तैयार करने का सबक दिया। साथ ही इस मुकाबले ने उन्हें ये एहसास भी कराया कि खिताबी मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज़ उनसे और ज्यादा मुश्किल सवाल पूछ सकते हैं और उन्हें इसके लिए तैयार रहना होगा।

सेमीफाइनल से पहले न्यूज़ीलैंड के पूर्व क्रिकेटर तो कह रहे थे कि मेजबान टीम को घरेलू मैदान पर करोड़ों भारतीयों की उमीदों पर खरा उतरना है, इसलिए दबाव उस पर है, न्यूज़ीलैंड की टीम पर नहीं। हालांकि उनकी इस सोच को रोहित शर्मा और उनके रनबाजों ने झुठला दिया। भारतीय बल्लेबाज़ों ने जिस अंदाज में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 397 रनों का पहाड़ खड़ा किया, उसके बोझ तले कीवी टीम दब गई। कोहली का रिकॉर्ड तोड़ विराट शतक हो, श्रेयस अय्यर का लगातार दूसरा शतक हो, कप्तान रोहित और शुभमन गिल का टीम को बेहतरीन शुरुआत देना हो या फिर केएल राहुल की अहम पारी हो, ये टीम इंडिया की बल्लेबाज़ी की गहराई और रनों के लिए उनकी भूख को बताता है। न्यूज़ीलैंड की टीम ने किस तरह टीम इंडिया के बैटिंग पावरहाउस के सामने सरेंडर किया, इसका अंदाज़ा हार के बाद न्यूज़ीलैंड टीम के कप्तान केन विलियमसन की मायूसी से लगाया जा सकता है। वे कहते दिखे कि विराट, श्रेयस और शुभमन ने उनकी टीम को मौके नहीं दिए और रोहित और विराट जैसे दिग्गज बल्लेबाज़ो के सामने कोई गलती नहीं की जा सकती।

सेमीफइनल जैसे बड़े मुक़ाबले में विराट कोहली के बल्ले से शतक निकलना, वो भी रिकॉर्ड तोड़ 50वां शतक निकलना सोने पे सुहागा रहा। ये क्रिकेट की दुनिया में उनके बड़े कद और सेमीफाइनल जैसे बड़े नॉकआउट मुक़ाबलों के लिए उनकी तैयारी का एहसास कराता है। अगर विराट की शख्सियत को समझना है तो उनके 50वें शतक के बाद क्रिकेट की दुनिया के सिरमौर सचिन तेंदुलकर के बयान को सुनिए। सचिन विराट के साथ ड्रेसिंग रूम में अपनी पहली मुलाक़ात को याद करते हुए कहते हैं कि तब का वो युवा अब एक विराट प्लेयर बन चुका है।

विराट ने सिर्फ सचिन तेंदुलकर के 50 वनडे शतको का रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा बल्कि वे एक विश्व कप टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के उनके रिकॉर्ड से भी आगे निकल गए। मौजूदा टूर्नामेंट के 10 मैचों में तीन शतक समेत 711 रन बना चुके हैं l जाहिर तौर पर फाइनल मुक़ाबले के लिए विराट में रनों की भूख और बढ़ चुकी होगी और वे एक बड़ी पारी के साथ टूर्नामेंट में विराम लगाना चाहेंगे।

वैसे सेमीफइनल मुकाबले में टीम इंडिया की फील्डिंग थोड़ी कमजोर साबित हुई। कप्तान रोहित शर्मा भी कहते दिखे कि फील्डिंग ने निराश किया लेकिन लगातार नौ मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद ऐसे मौके भी आ जाते हैं। फाइनल मैच से पहले फील्डिंग को लेकर बजे अलॉर्म ने टीम इंडिया को जगा दिया है क्योंकि खिताबी जंग में कोई भी कमजोरी भारी पड़ सकती है।

हालांकि भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में खेले 10 में से 10 मैच जीतकर ये मैसेज दे दिया है कि विश्व कप के फाइनल मुकाबले में उससे डरना जरूरी है। एक तरफ उसके सभी खिलाड़ी रंग में हैं तो वहीं अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम का हौसला बढ़ाने और उसके विश्व विजेता बनने की आस लिए एक लाख से ज्यादा फैन मौजूद होंगे। नीले समंदर की इस सुनामी के सामने होश बरकरार रखना विरोधी टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी।

(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+