Women in Films: 2024 की फिल्मों में नारी पड़ रही है भारी
Women in Films: 2024 की शुरूआत ही हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने एक ऐसी फिल्म से की जिसमें अमीषा पटेल एक लव गुरू के रोल में हैं। 5 जनवरी को रिलीज हुई इस मूवी का नाम था 'तौबा तौबा' जिसे डायरेक्ट किया था उनकी मूवी 'गदर' के असिस्टेंट डायरेक्टर रहे आकाशादित्य लामा ने।
दिलचस्प बात थी कि अगले ही हफ्ते यानी 12 जनवरी को जो इकलौती बड़ी फिल्म रिलीज हुई, उसे कैटरीना कैफ ने अपने कंधों पर संभाला हुआ था। यानी इस मूवी की लीड एक्टर कहें या विलेन वो खुद थीं, मूवी का नाम था 'मैरी क्रिसमस'।

अगले हफ्ते यानी 19 जनवरी को जिस व्यक्ति की बायोपिक आई, उन्होंने ताउम्र विवाह नहीं किया, मूवी का नाम था 'मैं अटल हूं'। लेकिन इस मूवी के भी फर्स्ट हाफ में भी अटल की जिंदगी की एक महिला दोस्त का ही दिलचस्प किरदार था। जनवरी के आखिरी हफ्ते में 25 जनवरी को 'फाइटर' आई जिसमें हृतिक रोशन से ज्यादा चर्चा दीपिका के हॉट सीन की रही।
जनवरी की ही तरह फरवरी की शुरूआत भी 5 फरवरी को एक ऐसी मूवी से हुई, जिसकी कहानी ही एक महिला रोबोट के इर्दगिर्द घूमती है। ये रोल कृति सेनन ने निभाया और उनके आशिक बने शाहिद कपूर। मूवी का नाम था, 'तेरी बातों में ऐसे उलझा जिया'। दिलचस्प बात ये भी है कि इस मूवी का निर्देशन और लेखन अमित जोशी ने आराधना साह के साथ मिलकर किया है।
उससे भी दिलचस्प ये है कि फरवरी के दूसरे हफ्ते में भी एक महिला प्रधान मूवी ही रिलीज हुई। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस मूवी का नाम है, 'भक्षक'। इसमें लीड रोल भूमि पेडनकर का है, कहानी ज्योत्सना नाथ ने लिखी है और निर्माता हैं गौरी खान। ये भी संयोग है कि फिल्म बिहार के सुधार गृहों में बच्चियों के बलात्कार की सच्ची कहानी पर बनी है।
फरवरी के तीसरे हफ्ते में यानी 19 फरवरी को एक और महिला प्रधान मूवी रिलीज हुई, नाम था 'दशमी'। ये भी बच्चियों पर होने वाले अत्याचारों पर ही थी। दशमी नाम की एक बच्ची के किरदार को लीड में रखकर मूवी बनाई गई थी। इस मूवी की निर्माता भी दो महिलाएं ही थीं संजना और सारिका। महिला प्रधान फिल्मों के 2024 के इस सिलसिले में पहली पुरुष प्रधान मूवी भी 19 को ही आई 'क्रैक' (फाइटर के बाद), विद्युत जामवाल इसमें हीरो थे।
अगले हफ्ते यानी 23 फरवरी को रिलीज हुई 'आर्टिकल 370', जिसे हटाने का श्रेय जनता भले ही मोदी अमित शाह की जोड़ी को देती हो, लेकिन मूवी को सुपरहिट करवाने का श्रेय गया यामी गौतम और प्रियमणि की जोड़ी को। पूरी फिल्म में यही दोनों छाई रहीं जबकि कहानी लिखने में भी एक महिला यानी मोनल ठक्कर का रोल रहा। उसके अगले हफ्ते आमिर खान की पूर्व पत्नी किरण राव के निर्देशन में एक मूवी आई, 'लापता लेडीज'। इससे पहले वो 'धोबी घाट' फिल्म बना चुकी हैं। दोनों का ही बॉक्स ऑफिस पर एक जैसा ही हाल रहा।
इस पहली तिमाही में यानी मार्च खत्म होने तक तमाम ऐसी मूवी आ रही हैं, जिनकी कहानी या तो किसी महिला के इर्द गिर्द बुनी गई है या फिर किसी महिला निर्देशक ने निर्देशित किया है। इनमें सबसे पहले आपका पाला पड़ेगा आज यानी महिला दिवस पर 'तेरा क्या होगा लवली' से। इस मूवी के नाम में ही लवली है, जो फेयर एंड लवली से शायद लिया गया है। इस मूवी में भारतीयों में गोरेपन के क्रेज पर निशाना साधा गया है। एक सांवली लड़की लवली की भूमिका में हैं इलियाना दी क्रूज, फिल्म इन्हीं को केन्द्र में रखकर है। साथ में हीरो हैं रणदीप हुड्डा। आज ही रिलीज हो रही है महिला लेखिका सीमा सैनी की लिखी मूवी 'गौरैया लाइव'।
11 मार्च को रिलीज होगी, अनंत महादेवन द्वारा निर्देशित 'फुले'। भारत की पहली महिला शिक्षक मानी जाने वालीं सावित्री बाई फुले और उनके पति ज्योतिबा फुले की जिंदगी के संघर्षों को दिखाने वाली इस मूवी में पत्रलेखा पॉल और प्रतीक गांधी जैसे मंझे हुए कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। उसके फौरन बाद आएगी 'बस्तर: द नक्सल स्टोरी', 'द केरला स्टोरी' के निर्देशक सुदीप्तो सेन ने फिर से अदा शर्मा को इसमें प्रमुख भूमिका दी है। एक तरह से वही इस मूवी में छाई हुई हैं, जो नक्सलियों के खिलाफ लड़ने वाली एक आईपीएस अधिकारी की भूमिका में हैं। ये मूवी 15 मार्च को रिलीज होगी।
15 मार्च को ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी 'मर्डर मुबारक' जो सारा अली खान के किरदार के इर्दगिर्द होगी। इस मूवी की कहानी भी एक महिला अनुजा चौहान ने लिखी है। हालांकि इस मूवी से करिश्मा कपूर वापसी कर रही हैं और डिम्पल कपाड़िया भी होंगी और पंकज त्रिपाठी भी। अगले ही हफ्ते सारा अली खान के लीड रोल वाली एक बायोपिक भी रिलीज होने जा रही है, नाम है 'ए वतन मेरे वतन'। सारा अली खान भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान अंडरग्राउंड रहकर रेडियो स्टेशन चलाने वाली स्वतंत्रता सेनानी ऊषा मेहता के रोल में होंगी। ये मूवी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म 'अमेजन प्राइम' पर रिलीज होगी।
'क्रू' नाम की मूवी की कहानी एक महिला लेखक निधि मेहरा ने लिखी है जो 29 मार्च को रिलीज होगी। फिल्म का पोस्टर बता रहा है कि ये पूरी तरह महिला प्रधान मूवी ही होगी। फिल्म के पोस्टर पर बिंदास अंदाज में हैं करीना कपूर खान, तब्बू और कृति सेनन। फिल्म की निर्माता भी एकता कपूर और रेहा कपूर ही हैं। यानी पूरी तरह से मूवी महिलाओं पर निर्भर है, डायरेक्टर को छोड़कर। लेकिन इस मूवी का मुकाबला एक ऐसी मूवी से 29 को होगा, जिसकी डायरेक्टर एक महिला है। मूवी का नाम है 'दो और दो प्यार' और डायरेक्टर हैं सृषा गुहा ठाकुरता। फिल्म में विद्या बालान और इलियाना डी क्रूज के साथ प्रतीक गांधी होंगे।
ये तो आगाज भर है, सोचिए इस साल तीन महीने में इतनी महिला प्रधान फिल्में हैं, तो साल के अंत तक क्या क्या होने वाला है? ऐसे में जबकि अभी तक कंगना रानौत की 'इमरजेंसी', श्रद्धा कपूर की 'स्त्री2', दीपिका पादुकोण की अमिताभ बच्चन के साथ 'इंटर्न' और आलिया, कैटरीना समेत तीन एक्ट्रेस वाली फरहान अख्तर की मूवी 'जी ले जरा' जैसी कई मूवीज आनेवाली हैं। इनमें महिला चेहरे ही फिल्म की जान होंगे। कभी परदे के आगे, कभी पीछे तो कभी दोनों तरफ।
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications