UGC Equity Regulations 2026: वोटर्स ने कहा रॉलबैक, RSS ने कहा असंतुलित! सरकार के लिए कैसे मुश्किल बना UGC Act?

UGC Equity Regulations 2026: देश की सियासत में SIR, वोटचोरी और यूजीसी एक्ट 2026 सबसे ज्यादा मुखर मुद्दे हैं। जहां एक तरफ विपक्षी दल अन्य मुद्दों पर सरकार को घेर रहे हैं, वहीं यूजीसी पर सरकार खुद ही घिर रही है। UGC कानून के कथित विभाजनकारी प्रावधानों के कारण सरकार के समर्थक ही सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। हाल के कुछ विधानसभा उपचुनावों और एमएलसी चुनावों पर भी प्रस्तावित UGC Act का प्रभाव दिखा है।

इस वक्त विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियम और उससे उपजा असंतोष केंद्र सरकार व सत्ताधारी दल बीजेपी के लिए एक बड़ी राजनीतिक पहेली बन गया है। उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव रोकने के नाम पर लाए गए UGC Equity Regulations पर जहां एक तरफ सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है, वहीं अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी इन नियमों के प्रारूप को 'असंतुलित' करार दिया है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच, हाल ही में संपन्न हुए उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों के स्नातक और शिक्षक विधान परिषद (MLC) चुनावों के नतीजों ने बीजेपी की चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

ugc-equity-regulations-2026

एमएलसी चुनाव: बैलेट पेपर पर फूटा गुस्सा

उत्तर प्रदेश के एमएलसी चुनावों के दौरान एक बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दैनिक भास्कर में छपी एक खबर के मुताबिक, कई स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं ने बीजेपी उम्मीदवार के नाम के आगे वरीयता दर्ज करने के बजाय बैलेट पेपर पर सीधे 'UGC Roll Back' लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया। पारंपरिक रूप से बीजेपी के साथ मजबूती से खड़े रहने वाले सवर्ण और शिक्षित वर्ग का यह बागी तेवर पार्टी के नेतृत्व के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं है।

क्या थे यूजीसी के नए नियम और उनका पूरा घटनाक्रम?

दरअसल, केंद्र की बीजेपी सरकार पूर्व शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में UGC Equity Regulations 2026 लेकर आई, जिसमें उच्च शिक्षण संस्थानों में धर्म, नस्ल, जाति, लिंग, जन्मस्थान या दिव्यांगता के आधार पर होने वाले भेदभाव को रोककर SC, ST, OBC, EWS और दिव्यांग छात्रों-कर्मचारियों के लिए समानता व समावेशिता सुनिश्चित करने की बात की गई थी।

सरकार का इरादा जो भी रहा हो, लेकिन इसके प्रावधानों को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के केंद्र में यूजीसी का वह नियम था, जिसमें SC, ST और OBC वर्ग के उत्पीड़न के आरोपों में गैर-जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई का प्रावधान होने की आशंका जताई गई। सवाल उठने लगा कि यदि कोई वरिष्ठ अधिकारी, जो संयोगवश सवर्ण है, अपने मातहत कर्मचारी या छात्र, जो संयोग से आरक्षित श्रेणी में आते हैं, को कोई आदेश देता है या उन पर कोई कार्रवाई करता है, जिसे दूसरा पक्ष उत्पीड़न बताता है, तो क्या बिना सबूत उक्त अधिकारी पर अभियोग चलेगा? या दो छात्रों में किसी बात पर बहस हो जाती है, जिनमें से एक आरक्षित और दूसरा गैर-आरक्षित श्रेणी का है, तो ऐसी स्थिति में क्या इन कानूनों का दुरुपयोग नहीं होगा और क्या इससे कैंपस का माहौल खराब नहीं होगा?

गैर-आरक्षित श्रेणी के छात्र, कर्मचारी और अधिकारी पहले दिन से इस कानून को विभाजनकारी और सामान्य वर्ग के छात्रों, कर्मचारियों तथा अधिकारियों के साथ भेदभाव की आशंका वाला कानून बताते रहे हैं। वे इसे अविलंब वापस लेने का दबाव बनाते रहे हैं। जनवरी 2026 के अंत में इस कानून के आने के बाद देशभर में हुई छिटपुट घटनाओं के बाद मामला भारत के सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। बहरहाल, सर्वोच्च न्यायालय ने इस पर फिलहाल रोक लगा रखी है और गेंद सरकार के पाले में है।

यूजीसी इक्विटी रेगुलेशंस 2026: टाइमलाइन

  • जनवरी 2026: यूजीसी द्वारा नए इक्विटी रेगुलेशंस अधिसूचित किए गए। इन नियमों के दायरे और परिभाषाओं (विशेषकर सामान्य वर्ग की कथित अनदेखी और संभावित दुरुपयोग) को लेकर सवर्ण संगठनों और छात्रों में तीखा विरोध शुरू हुआ।
  • जनवरी 2026 के अंत में: मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां अदालत ने इन नियमों पर अंतरिम रोक लगाते हुए इन्हें प्रथम दृष्टया अस्पष्ट और दुरुपयोग की आशंका वाला करार दिया। अदालत ने अंतरिम व्यवस्था के तौर पर 2012 के पुराने नियमों को ही प्रभावी बनाए रखा।
  • अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के स्नातक/शिक्षक एमएलसी चुनावों में इसका असर साफ दिखा, जहां सवर्ण मतदाताओं की नाराजगी ने बीजेपी को उसके गढ़ों में तगड़ा झटका दिया।

हालिया घटनाक्रम: RSS ने भी यूजीसी एक्ट 2026 को असंतुलित बताया।

इंदौर में चल रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक में अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने UGC Equity Regulations 2026 को "अनबैलेंस्ड" कहा था। संघ के पदाधिकारियों ने इन नियमों के मौजूदा स्वरूप को असंतुलित बताते हुए इनमें संशोधन कर इन्हें निष्पक्ष बनाने की पैरवी की है। आरएसएस से ही बीजेपी में आए विनोद तावड़े, जो इस वक्त बीजेपी के महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी भी हैं, ने संकेत दिया कि यूपी चुनाव से पहले UGC विवाद का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी संबंधित मतदाताओं से सीधा संवाद करेगी। हालांकि, किसी बीजेपी नेता ने अभी तक इन नियमों को वापस लेने की बात नहीं की है, लेकिन तावड़े के बयान से बीजेपी के रुख में नरमी की आहट मिल रही है और विश्लेषक इसे यूजीसी रेगुलेशंस में संशोधन की पूर्वपीठिका मान रहे हैं।

सरकार और बीजेपी के लिए गले की हड्डी बना यूजीसी एक्ट

तमाम उठापटक और ऊहापोह के बीच, यूजीसी इक्विटी रेगुलेशंस 2026 बीजेपी के लिए मुश्किल क्यों बन रहे हैं, इसे तीन बिंदुओं में समझा जा सकता है। इसके लिए तीन संभावित परिस्थितियों पर विचार किया जा सकता है, 1. अगर यूजीसी एक्ट वापस नहीं होता, 2. यूजीसी एक्ट वापस होता है, 3. इसमें मामूली संशोधन होते हैं।

  • सवर्ण नाराजगी का जोखिम: उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में सवर्ण मतदाता (ब्राह्मण, राजपूत, वैश्य आदि) लंबे समय से बीजेपी की वैचारिक और चुनावी रीढ़ रहे हैं। अगर यह वर्ग नाराज होता है, तो पार्टी को भारी चुनावी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
  • दलित-पिछड़ा समीकरण पर असर: अगर, सरकार इन नियमों को पूरी तरह वापस लेती है या इनमें बहुत अधिक बदलाव करती है, तो दलित और पिछड़े वर्ग के बीच गलत संदेश जा सकता है। सरकार सामाजिक न्याय के एजेंडे पर जोर देकर इन वर्गों को साधने की कोशिश कर रही है। बीजेपी की अगुवाई वाली सरकार के कार्यक्रमों में इन वर्गों को साधने के तमाम उपक्रम देखे जा सकते हैं।
  • शंकाओं का घेरा: यदि सरकार मामूली संशोधन करती है, तो नियमों में 'इक्वलिटी' (समानता) और 'इक्विटी' के सिद्धांतों को लेकर सरकार की विधायी गंभीरता पर सवाल उठेंगे। सरकार को 'माया मिली न राम' वाली स्थिति से दो-चार होना पड़ सकता है। भले ही सरकार के रणनीतिकार इसे डैमेज-कंट्रोल स्टेप कहें, लेकिन ऐसे प्रयास किसी भी धड़े को कन्विंस करने के लिए काफी नहीं होंगे।

सामने उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनाव हैं। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक ताने-बाने में ओबीसी वोटों पर समाजवादी पार्टी, मुस्लिम वोटों पर सपा-कांग्रेस गठबंधन और दलित वोटों पर अन्य दलों का प्रभाव रहा है। ऐसे में एकमुश्त सवर्ण वोट ही बीजेपी की चुनावी नैया पार लगाते आए हैं। यदि एमएलसी चुनावों में दिखा यह असंतोष विधानसभा चुनावों तक कायम रहता है, तो सत्ता का समीकरण गड़बड़ा सकता है। यही वजह है कि अब पार्टी के भीतर और संघ स्तर पर इस नीतिगत फैसले की नए सिरे से समीक्षा की मांग तेज हो गई है।

विपक्ष की रणनीति, वेट एंड वॉच

जहां सरकार एक तरफ अपने कोर वोटर्स से ही घिरी हुई है, वहीं अन्य मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाला विपक्ष 'यूजीसी एक्ट' पर क्या कर रहा है? इस मुद्दे पर विपक्ष की आक्रामकता क्यों नहीं दिख रही? दरअसल, सरकार जितना फंसेगी, विपक्ष के लिए उतना ही यह फायदे का सौदा होगा। इस मामले पर विपक्ष अपना पत्ता सरकार के रुख के बाद ही खोलेगा। विपक्ष को आखिर इस बात की आश्वस्ति है कि कम से कम एक हिस्सा तो उसके हिस्से में आएगा ही। अभी पत्ते खोलकर मुसीबत क्यों मोल लेना?

एक्ट का समर्थन करना विपक्ष के लिए सबसे आसान और उसके रुख के लिहाज से मुफीद भी होगा, लेकिन इससे सरकार के साथ खड़े होने का संदेश जाएगा। वहीं, एक्ट का विरोध करके क्या विपक्ष बहुसंख्यक SC, ST और OBC वर्ग की नाराजगी मोल लेगा? अगर सरकार यूजीसी इक्विटी रेगुलेशंस बनाए रखती है, तो नाराज सवर्ण विपक्ष के करीब खिसकेंगे। अगर सरकार इन्हें वापस लेती है या इनमें भारी संशोधन करती है, तो विपक्ष सरकार पर SC, ST और OBC वर्ग के हितों की चिंता नहीं करने को लेकर हमलावर हो सकता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+