क्या रामलीला मैदान से नयी करवट लेगी भारत की राजनीति? 1 नवंबर को इंडिया ब्लॉक का बड़ा शक्ति प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एस आई आर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की मंशा से आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली को 10 नवंबर तक के लिए स्थगित करने की कौंसिल आफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री की अपील का जो उत्तर राहुल गाँधी ने दिया है उसकी संभावना पहले से ही व्यक्त की जा रही थी।
राहुल गाँधी ने कहा है कि यदि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एस आई आर पार रोक की मांग सरकार मान लेती तो 1 नवंबर को आयोजित महारैली का आह्वान वापस लेने में केवल तीस सैकेंड का समय लगेगा। जाहिर सी बात है कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में फेरबदल की अब कोई गुंजाइश शेष नहीं बची है।

इंडिया ब्लॉक के द्वारा आयोजित इस रैली को अनेक संगठनों ने अपना समर्थन प्रदान किया है जिनमें काकरोच जनता पार्टी भी शामिल है जिसके तीन वरिष्ठ नेताओं की रिहाई कुछ दिन पूर्व इस आशय के पीस बांड पर हस्ताक्षर करने के बाद ही संभव हो सकी थी कि वे अगले एक वर्ष के दौरान ऐसी किसी गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे जिनसे शांति भंग होने की आशंका हो। अब यह उत्सुकता का विषय है कि पीस बांड पर हस्ताक्षर करने वाले काकरोच जनता पार्टी के नेता 1 नवंबर को रामलीला मैदान में संपन्न होने वाली महारैली में किस रूप में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करते हैं लेकिन काकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके का यह बयान इंडिया ब्लॉक के प्रति उसके झुकाव का संकेत देता है कि पार्टी के लोग रामलीला मैदान में होने वाली रैली में शामिल हो सकते हैं । सीजेपी इसके अलावा इंडिया ब्लॉक से गठबंधन करके लिए कार्यकर्ताओं से फीड बैक लेगी।
गौरतलब है कि पिछले एक माह की अवधि में कांग्रेस, इंडिया ब्लॉक, काकरोच जनता पार्टी, सिविल सोसाइटी, आइसा सहित अनेक संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एस आई आर को रोकने की मांग को लेकर देश की राजधानी ही नहीं बल्कि देश के अनेक भागों में प्रदर्शन और रैलियां आयोजित कर चुके हैं और यह सिलसिला अभी भी जारी है लेकिन इस मामले में सरकार का अभी तक जो रुख रहा है उससे यही अनुमान लगाया जा सकता है कि सरकार ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर बनाए रखना चाहती है ,और एस आई आर की प्रक्रिया पर रोक लगाने की उसकी कोई मंशा नहीं है। इसीलिए सरकार पर दबाव बनाने के लिए विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने आगामी 1 नवंबर को नईदिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली का आह्वान किया है।
इस रैली के आयोजन के दो दिन पूर्व आयोजित राहुल गाँधी की पत्रकार वार्ता में लगभग सभी विपक्षी दलों के नेताओं की मौजूदगी यह संकेत देती है कि मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए प्रारंभ इस आंदोलन ने विपक्षी दलों ही नहीं अनेक संगठनों को एक बैनर के नीचे एक जुट कर दिया है। निश्चित रूप से विपक्ष की यह एकजुटता सरकार के लिए चिंता का विषय बन सकती है।
अभी हाल में ही जिन राज्यों में विधान परिषद के चुनाव संपन्न हुए उनके परिणामों से भी भी भाजपा को निराशा होना स्वाभाविक है। उन परिणामों से निराश भाजपा की अब 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित रैली पर टिकी हुई हैं। इस रैली में 10 लाख लोगों की मौजूदगी के दावे को अगर अतिरंजित भी मान लिया जाए तो भी यह मान लेना उचित नहीं होगा कि आने वाली भीड़ रामलीला मैदान को भरने के लिए अपर्याप्त होगी।
इसमें दो राय नहीं हो सकती कि पिछले एक माह से ज्ञानेश कुमार को हटाने और एस आई आर प्रक्रिया को समाप्त करने के लिए जो प्रदर्शन हो रहे हैं उनसे सरकार के रुख़ में बदलाव के अभी तक तो कोई आसार दिखाई नहीं दे रहे है। रहे हैं। इसीलिए विपक्ष ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित रैली के माध्यम से अपनी ताकत दिखाने का फैसला किया है। इस रैली को ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने के लिए एक माह पूर्व प्रारंभ हुए आंदोलन का चरमोत्कर्ष कहना गलत नहीं होगा क्योंकि कांग्रेस पार्टी इस रैली में दस लाख लोगों की भीड़ जुटने का दावा कर रही है।
उधर सरकार की यही कोशिश होगी कि रैली में शामिल होने के इच्छुक लोगों को दिल्ली पहुंचने ही न दिया जाए। कांग्रेस यह आरोप लगा रही है कि दिल्ली में आयोजित रैली में भाग लेने के इच्छुक लोगों को रास्ते में ही रोका जा रहा है।अब देखना यह है कि 1 नवंबर को सरकार दिल्ली में जनजीवन को सामान्य बनाए रखने के लिए क्या ऐहतियाती कदम उठाती हैं। यह भी उत्सुकता का विषय है कि क्या 1 नवंबर को मेट्रो के सभी स्टेशन खुले रहेंगे। इसके अलावा पुलिस ने जिन शर्तों पर रैली का आयोजन करने की अनुमति दी है उनका अनुपालन इतना आसान नहीं है मसलन यह रैली सुबह 11 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे समाप्त हो जाना चाहिए।
सवाल यह उठता है कि जिस रैली में 10 लाख लोगों के आने का दावा किया जा रहा है उसके लिए क्या मात्र 6 घंटे की अवधि पर्याप्त होगी। ऐसे बहुत सारे सवाल हैं जिनका उत्तर 1 नवंबर को ही मिल सकेगा। सवाल यह भी उठता है कि विपक्ष अगर अपने इस शक्ति प्रदर्शन के जरिये सरकार पर दबाव बनाने में असफल रहता है तो फिर क्या ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने के लिए जारी मुहिम पर विराम लग जाएगा। राहुल गाँधी कह चुके हैं कि विपक्ष को अपने मकसद में सफल होने के लिए लंबी लड़ाई लड़ना पड़ सकती है।
यह रैली सरकार की चिंताओं में कितना इजाफा कर पाएगी यह आगे आने वाला समय ही बताएगा लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने का आंदोलन इतना वृहद रूप ले लेगा यह कल्पना सरकार ने शायद नहीं की होगी। अगर रामलीला मैदान में आयोजित रैली के बाद ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए सरकार तैयार नहीं भी होती है तब भी इस रैली का फायदा विपक्ष को अगले साल होने वाले कुछ राज्यों के विधान सभा चुनावों में मिलने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश प्रमुख है जहाँ 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हताश होना पड़ा था। कांग्रेस के लिए तो इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है कि राहुल गाँधी अब विपक्ष के निर्विवाद नेता बन चुके हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध प्रारंभ हुए आंदोलन के नेतृत्व की बागडोर उनके हाथों में आ चुकी है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और राजनैतिक विश्लेषक है, आलेख में प्रस्तुत विचार और आकलन उनके अपने हैं।)


Click it and Unblock the Notifications
