Rajasthan Civic Chunav नतीजों का संदेश! आरक्षित वार्डों में कांग्रेस की बढ़त और सवर्ण नाराजगी पर तीखे सवाल

Rajasthan Civic Chunav Result 2026: राजस्थान के हालिया निकाय चुनाव में आंकड़ों के स्तर पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी बढ़त लेकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर उभरी है, लेकिन चुनावी नतीजों की महीन परतों को खंगालें तो तस्वीर इतनी सीधी नहीं है। इन नतीजों के भीतर प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक क्षितिज पर कई गंभीर सवाल तैर रहे हैं। सवाल यह भी है कि क्या शहरी निकायों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने के पीछे भाजपा के पारंपरिक सवर्ण वोट बैंक की अप्रत्यक्ष नाराजगी भी कोई भूमिका निभा रही है? राजस्थान निकाय चुनावों के आंकड़ों में सामाजिक समीकरण और सवर्ण समाज की नाराजगी को लेकर क्या संकेत मिले हैं?

राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव में भाजपा ने सबसे ज्यादा वार्ड जीते हैं। 10,245 घोषित वार्डों में BJP ने 4,179, कांग्रेस ने 3,613 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 2,273 वार्ड जीते। यानी सीटों के लिहाज से BJP और कांग्रेस के बीच स्पष्ट अंतर है, लेकिन वोट शेयर की तस्वीर कहीं ज्यादा करीबी है। उपलब्ध चुनावी आंकड़ों में दोनों प्रमुख दलों के बीच वोट शेयर का अंतर एक प्रतिशत से भी कम रहा है। यहीं से इस चुनाव की असली कहानी शुरू होती है।

rajasthan-civic-poll-results

BJP आगे, लेकिन वोट शेयर में अंतर 1% से भी कम

राजस्थान निकाय चुनावों का सबसे दिलचस्प आंकड़ा वोटों की तस्वीर है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 37,35,567 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 36,35,952 वोट मिले। यानी दोनों दलों के बीच 99,615 वोटों का फर्क रहा। प्रतिशत में देखें तो BJP को करीब 35.18% वोट मिले, जबकि कांग्रेस का वोट शेयर करीब 34.24% रहा। यानी दोनों प्रमुख दलों के बीच वोट प्रतिशत का अंतर महज 0.94 प्रतिशत अंक रहा। इसके बावजूद BJP ने कांग्रेस से 566 ज्यादा वार्ड जीते। यह आंकड़ा अपने आप में बहुत कुछ कहता है। चुनाव केवल वोटों की कुल संख्या से नहीं जीता जाता, बल्कि यह भी मायने रखता है कि वे वोट किस तरह और किन वार्डों में बंटे। कई वार्डों में मामूली अंतर से मिली जीत भी अंतिम सीटों की तस्वीर को पूरी तरह बदल सकती है। यानी BJP की बढ़त निर्विवाद है, लेकिन वोटों की जमीन पर कांग्रेस और उसके बीच दूरी उतनी बड़ी नहीं है, जितनी वार्डों की संख्या देखकर पहली नजर में दिखाई देती है।

निर्दलीयों ने भी बदला पूरा गणित

इस चुनाव की दूसरी बड़ी कहानी निर्दलीय उम्मीदवारों की है। नोटा को भी 1,09,523 यानी 1.05% वोट मिले, लेकिन सबसे बड़ा बाजीगर निर्दलीय उम्मीदवार बने। निर्दलीयों ने 2,273 वार्ड जीते और उन्हें करीब 27.38% वोट मिले। यह कोई मामूली आंकड़ा नहीं है। कई नगर निकायों में BJP या कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। यानी स्थानीय राजनीति का गणित सिर्फ BJP बनाम कांग्रेस नहीं रहा। कई जगह उम्मीदवार, स्थानीय समीकरण और व्यक्तिगत प्रभाव ने पार्टी के चुनाव चिह्न से आगे जाकर भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में भी निर्दलीयों ने 65 में से 36 वार्ड जीतकर दोनों प्रमुख दलों को पीछे छोड़ दिया। BJP को 20 और कांग्रेस को 7 वार्ड मिले। यह नतीजा बताता है कि शहरी राजस्थान में राजनीतिक मुकाबला दो ध्रुवों तक सीमित नहीं रहा है। स्थानीय असंतोष, टिकट वितरण और बागी उम्मीदवारों का असर भी नतीजों में साफ दिखाई देता है। चुनाव के बाद की राजनीति में 2,273 निर्दलीय विजेताओं की मौजूदगी इसी ओर इशारा करती है।

आरक्षित वार्डों में कांग्रेस के प्रदर्शन का क्या मतलब?

अब आते हैं उस सवाल पर, जिसने इस चुनाव के बाद राजनीतिक चर्चा को सबसे ज्यादा हवा दी है, आरक्षित वार्डों का गणित। चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, SC और ST आरक्षित क्षेत्रों में कांग्रेस ने BJP के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों पर कांग्रेस को 803 और भाजपा को 536 में जीत मिली। वहीं अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर कांग्रेस ने 53, जबकि भाजपा ने 39 सीटों पर जीत दर्ज की। दलित यानी SC आरक्षित वार्डों में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले 267 सीटों की बढ़त बनाई। ST आरक्षित वार्डों में भी कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा। इन आंकड़ों को सिर्फ सीटों की संख्या के तौर पर पढ़ना पर्याप्त नहीं होगा। सवाल यह है कि भाजपा ने जिन नए सामाजिक समूहों में अपनी राजनीतिक पैठ बढ़ाने की कोशिश की, क्या उसके साथ उसके पारंपरिक सामाजिक आधार में किसी तरह की बेचैनी भी पैदा हुई? यही वह बिंदु है, जहां राजस्थान की राजनीति में सवर्ण नाराजगी की चर्चा शुरू होती है।

आरक्षित सीटों का गणित: नए सामाजिक प्रयोगों की परीक्षा?

निकाय चुनाव के परिणामों में आरक्षित वार्ड भाजपा और कांग्रेस की सामाजिक पहुंच को समझने का एक अहम संकेतक बनकर सामने आए हैं। दलित यानी SC आरक्षित वार्डों में कांग्रेस ने 803 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा 536 सीटों पर रही। ST आरक्षित वार्डों में कांग्रेस को 53 और भाजपा को 39 सीटें मिलीं। यानी इन दोनों श्रेणियों में कांग्रेस ने भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया।

दूसरी ओर, भाजपा का मजबूत आधार माने जाने वाले कई शहरी इलाकों में मुकाबला एकतरफा नहीं रहा। जयपुर, जोधपुर और बीकानेर जैसे प्रमुख शहरी क्षेत्रों में भाजपा को कांग्रेस और निर्दलीयों से कड़ी चुनौती मिली। कई जगहों पर स्थानीय समीकरणों ने पारंपरिक पार्टी प्रभाव को सीमित किया।

rajasthan-civic-poll-results

जयपुर के आंकड़े क्यों महत्वपूर्ण हैं?

राजधानी जयपुर को लंबे समय से भाजपा के मजबूत शहरी आधार के तौर पर देखा जाता रहा है। लेकिन यहां भी वोटों का अंतर सीटों की तस्वीर से अलग कहानी कहता है। जयपुर जिले में कांग्रेस को 6 लाख 76 हजार 815 वोट मिले, जबकि भाजपा के खाते में 6 लाख 75 हजार 929 वोट आए। यानी कांग्रेस को भाजपा से 886 वोट अधिक मिले। जयपुर नगर के आंकड़ों में यह अंतर और बढ़ जाता है। यहां भाजपा को 5 लाख 52 हजार 713 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के खाते में 5 लाख 65 हजार 848 वोट आए। यानी कांग्रेस को भाजपा से 13,135 वोट अधिक मिले। इसके बावजूद वार्ड स्तर पर सीटों का समीकरण भाजपा के पक्ष में रहा। यही वह अंतर है जिसे चुनावी विश्लेषण में वोटों के वितरण और सीटों में उनके रूपांतरण के तौर पर देखा जाता है।

भाजपा के लिए संदेश: जीत के साथ कई सवाल भी

राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा निश्चित रूप से सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। लेकिन परिणाम को केवल जीत के रूप में पढ़ने से तस्वीर अधूरी रह जाएगी। 10,235 घोषित वार्डों में 4,179 सीटों के साथ भाजपा सबसे आगे है। कांग्रेस 3,613 और निर्दलीय 2,273 सीटों पर रहे। वहीं, कई स्थानीय निकायों में किसी भी प्रमुख दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।

'खतरे की घंटी' वाला सवाल

वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक समीर चौंगावंकर का मानना है कि ये नतीजे भाजपा के लिए खतरे की घंटी है। उनके मुताबिक, ट्रिपल इंजन सरकार और कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी के बावजूद भाजपा को जिस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा, वह आने वाले समय के लिए महत्वपूर्ण है। बीजेपी अपना मुंह मीठा भले कर रही हो, सच यही है कि जनता ने बीजेपी के दांत खट्टे कर दिए हैं।

नई सामाजिक रणनीति बनाम पारंपरिक वोट बैंक

भाजपा की वैचारिक और सांगठनिक यात्रा में सवर्ण समाज लंबे समय से उसके महत्वपूर्ण सामाजिक आधारों में रहा है। लेकिन राजनीति में सामाजिक विस्तार की रणनीति हमेशा एक संतुलन की मांग करती है। जब कोई दल नए सामाजिक समूहों के बीच अपनी पैठ बढ़ाता है, तो उसके सामने चुनौती यह रहती है कि पुराने समर्थक वर्ग का भरोसा भी बना रहे।

इसी संदर्भ में केंद्रीय स्तर पर UGC, आरक्षण और प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों को लेकर समय-समय पर उठी बहसों का जिक्र किया जा रहा है। इन मुद्दों को लेकर विभिन्न सामाजिक समूहों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं रही हैं। ऐसे में राजस्थान निकाय चुनाव का एक सवाल यह भी है कि भाजपा का सामाजिक विस्तार क्या उसके पारंपरिक आधार के साथ पर्याप्त संतुलन बना पा रहा है? मैथिली की कहावत है- 'चौबे गए छब्बे बनने, दूबे बनके आए।' राजनीतिक संदर्भ में इसका अर्थ यही है कि नए सामाजिक आधार की तलाश में पुराने आधार को कमजोर पड़ने से बचाना भी उतना ही जरूरी है।

Catch-22: BJP करे तो क्या करे?

भाजपा के सामने इस समय दोहरी चुनौती दिखाई देती है, नीतिगत संतुलन बनाम जनभावना। एक ओर सामाजिक आधार का विस्तार और दूसरी ओर पारंपरिक समर्थक वर्ग के साथ भरोसा बनाए रखना। SC और ST आरक्षित वार्डों में कांग्रेस का बेहतर प्रदर्शन एक तरफ है, तो दूसरी तरफ निर्दलीयों का मजबूत प्रदर्शन दूसरी चुनौती को सामने लाता है। क्या निर्दलीयों की ओर गया वोट वास्तव में किसी खास सामाजिक वर्ग की नाराजगी को दर्शाता है? या यह स्थानीय उम्मीदवारों, टिकट वितरण, बागी प्रत्याशियों और स्थानीय मुद्दों का परिणाम है?

आगे बहुत कठिन है डगर पनघट की

राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए जीत के साथ कुछ जरूरी सवाल भी छोड़ गए हैं। पार्टी सबसे ज्यादा वार्ड जीतकर आगे जरूर रही, लेकिन कांग्रेस और निर्दलीयों ने कई जगह मजबूत चुनौती दी। इससे साफ है कि शहरों में मुकाबला अब पहले जैसा एकतरफा नहीं है। भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने जनाधार को बनाए रखने के साथ नए सामाजिक वर्गों को जोड़ने की है। दलित, आदिवासी, पिछड़े और सवर्ण, सभी वर्गों के बीच संतुलन बनाना आने वाले चुनावों में अहम होगा। आरक्षित वार्डों में कांग्रेस की बढ़त और निर्दलीयों के मजबूत प्रदर्शन को इसी नजरिए से देखा जा रहा है।

निकाय चुनाव के नतीजों को किसी एक वर्ग की नाराजगी का सीधा प्रमाण नहीं माना जा सकता, लेकिन ये भाजपा के लिए एक 'वेक-अप कॉल' जरूर हैं। पंचायत और विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को स्थानीय मुद्दों, सामाजिक समीकरणों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल पर ध्यान देना होगा। सीटों की संख्या भले भाजपा के पक्ष में हो, लेकिन वोटों का करीबी अंतर बताता है कि आगे की राजनीतिक राह आसान नहीं होगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+