Pollution in Mumbai: मुंबई पर प्रदूषण और गर्मी की मार
प्रदूषित हवा की जिस समस्या का सामना पिछले कई वर्षों से दिल्ली के निवासी करते आ रहे हैं, इस वर्ष उसका सामना मुंबई के निवासियों को भी करना पड़ रहा है।

मुंबई में वाहनों व कारखानों से होने वाला उत्सर्जन भी आम शहरों जितना ही है परन्तु मुंबई के निवासियों को उनसे होने वाले वायु प्रदूषण का सामना नहीं करना पड़ता था। समुद्री हवाओं की वजह से वह प्रदूषण दूर चला जाता था और शहर के निवासियों को उसके कारण परेशानी नहीं होती थी।
परन्तु इस बार समुद्री हवाओं की प्रकृति बदल गई है जिसकी वजह से मुंबई के निवासियों को पिछले महीने भर से प्रदूषित हवा में सांस लेना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों तक मुंबई की हवा दिल्ली के मुकाबले अधिक खराब रही।
मुंबई की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि वहां समुद्र की ओर से हवा आती है और हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों को दूर बहा ले जाती है। तीन-चार दिन के अंतराल पर धरती की ओर से हवा समुद्र की ओर प्रवाहित होती है। हवा की दिशा बदलने का यह चक्र तीन-चार दिनों का होता है। इससे मुंबई की हवा अपेक्षाकृत साफ रहती है। लेकिन इस बार यह चक्र बदल गया है।
हवा के समुद्र से आने और समुद्र की ओर जाने का अंतराल बढ़कर सात से दस दिन का हो गया है। इसलिए प्रदूषक तत्व मुंबई की हवा में बने हुए हैं। लोगों को गंदी हवा में सांस लेनी पड़ रही है। पिछले 5 दिसंबर से लगातार मुंबई की हवा एक्यूआई सूचकांक के मुताबिक खराब व बहुत खराब श्रेणी में है। इस खराब हवा के टिकने की मियाद बढ गई है। यह स्वास्थ्य के लिहाज से संकटपूर्ण स्थिति है।
इस वर्ष मुंबई में चलने वाली हवा की गति उल्लेखनीय रूप से कम है, जिससे प्रदूषकों को बहा ले जाने की उसकी क्षमता घट गई है। वायु गुणवत्ता को मापने वाले सफर प्रणाली के पूर्व निदेशक डॉ गुफरान बेग के अनुसार, इसका कारण समझ में नहीं आ रहा है। पर इस वर्ष हवा की गति उल्लेखनीय रूप से कम है, यह साफ साफ दिख रहा है। इसके कारणों को समझने के लिए गहराई से अध्ययन करने की जरूरत है।
मुंबई में हवा कुछ दिन धरती से समुद्र की ओर प्रवाहित होती है, फिर कुछ दिन समुद्र से धरती की ओर आती है। आमतौर पर यह चक्र तीन-चार दिनों में दुहराया जाता है। जब हवा धरती से समुद्र की ओर नहीं जाती, तब हवा की गंदगी यहीं बनी रहती है। हवा की दिशा बदलने पर प्रदूषक समुद्र की ओर चले जाते हैं।
इस वर्ष हवा के समुद्र की ओर से आने और जाने का चक्र बदल गया है। यह तीन-चार दिनों में दुहराए जाने के बजाए सप्ताह या दस दिन पर दुहराया जा रहा है। इससे प्रदूषक महानगर की हवा में मौजूद होते हैं। इसतरह हवा की गुणवत्ता खराब हो जाती है। हवा चलने पर भी उसकी गति कम होने से प्रदूषक तत्व निकल नहीं पा रहे हैं।
डॉ बेग ने कहा कि इस परिवर्तन का मौसम विज्ञानियों द्वारा पड़ताल करने की जरूरत है। अभी हम एकदम नहीं जानते कि इसके पीछे कौन सा वैश्विक कारण है। वैश्विक कारणों में लगातार तीसरे वर्ष ला नीना वर्ष होना भी हो सकता है जो प्रशांत महासागर की सतह के असामान्य रूप से ठंडा होने से उत्पन्न होता है और इसका पूरी दुनिया के मौसम पर प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा भी कोई कारण हो सकता है जिसका पता अध्ययन के बाद चल सकता है। अभी हम यह भी नहीं जानते कि हवा की गति में यह परिवर्तन तात्कालिक है या लंबे समय तक रहने वाला है।
मुंबई की हवा अधिक खराब हो जाने का कारण उत्सर्जन में बढ़ोतरी हो जाना भी हो सकता है। खासकर निर्माण की गतिविधियों का बढ़ना। अभी कई बड़ी अधिसंरचनागत परियोजनाओं पर काम चल रहा है जिनमें मुंबई मेट्रो और कोस्टल रोड प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। इन परियोजनाओं में पिछले कुछ महीनों से काफी तेजी से काम चल रहा है। इनसे बड़ी मात्रा में प्रदूषक पैदा हो रहे हैं।
देश में वायु-गुणवत्ता के एक प्रमुख विशेषज्ञ व कानपुर आईआईटी के प्रोफेसर एसएन त्रिपाठी कहते हैं कि इन परियोजनाओं की वजह से प्रदूषकों की मात्रा में बढोतरी होना संभव है। क्योंकि मुंबई की हवा में पीएम 10 की मात्रा में अधिक बढोतरी हुई है जो निर्माण गतिविधियों का नतीजा है। वाहनों और कारखानों आदि से पीएम 2.5 महीन कणों की मात्रा में बढोतरी होती है।
कारण चाहे जो हो, पर मुंबई के लोगों को दिल्ली जैसी प्रदूषित हवा का सामना पिछले महीने भर से करना पड़ रहा है। इससे छुटकारा मिलने का कोई उपाय तत्काल नहीं दिख रहा।
इसके साथ ही मुंबई के मौसम में असामान्य रूप से गर्मी भी बढ गयी है। देश में जहां इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं महाराष्ट्र के मुंबई में सांताक्रूज में शुक्रवार को 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी के मुताबिक मुंबई में सांताक्रूज में दर्ज ये तापमान देश में सबसे अधिक था। इस बात की पूरी संभावना बनती है कि यह गर्मी भी प्रदूषण और समुद्र की ओर से आने जानेवाली हवाओं के असामान्य व्यवहार के कारण हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications