लोगों के ‘घर’ के सपने को पीएम मोदी ने किया पूरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने अपने राजनीतिक एजेंडे या घोषणापत्र की ज्यादातर बातों को पूरा करने की कोशिश की है। नरेंद्र मोदी 2014 में 'अच्छे दिन' के वादे के जरिए सत्ता पर काबिज हुए थे और साल 2022 में उन्होंने 'जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान' का नारा दिया। इस दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर गौर करें तो देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में देश का सम्मान बढ़ा है।

जीवन जीने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी होता है अपना घर। प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़कर करोड़ों लोगों को देश में अपना घर मिल चुका है। केंद्र सरकार पीएम आवास योजना के तहत गरीबों को घर देने का काम कर रही है। इससे देश भर में लाखों परिवारों का अब तक पक्का घर का सपना पूरा हो चुका है। मोदी सरकार की पीएम आवास योजना का उद्देश्य गरीबों को सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मोदी सरकार तीन करोड़ से ज्यादा पक्के घरों का निर्माण कर चुकी है। इसकी जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने खुद 8 अप्रैल 2022 को एक ट्वीट के जरिए दी कि देश के हर निर्धन को पक्का घर देने के लिए सरकार महत्त्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीन करोड़ से अधिक मकान बनाए जा चुके हैं। अपने ट्वीट संदेश में कहा, "देश के हर गरीब को पक्का मकान देने के संकल्प में हमने एक अहम पड़ाव तय कर लिया है।
जन-जन की भागीदारी से ही तीन करोड़ से ज्यादा घरों का निर्माण संभव हो पाया है। मूलभूत सुविधाओं से युक्त ये घर आज महिला सशक्तिकरण का प्रतीक भी बन चुके हैं।" इन घरों में शौचालय की भी व्यवस्था है। इतना ही नहीं, इनमें बिजली का कनेक्शन भी है। उजाला योजना के तहत एलईडी बल्ब ही नहीं, बल्कि उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन भी पात्र लोगों को दिया गया है। इन सुविधाओं से ग्रामीण भारत की तस्वीर बहुत तेजी से बदल रही है।
मालूम हो, 25 जून, 2015 में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) की शुरुआत हुई, जिसके तहत गरीब परिवारों को योजना का लाभ दिया जाता है। इस योजना के तहत उन लोगों को लाभ दिया जाता है, जिनके पास पक्के घर नहीं है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से गरीबों को पक्के मकान के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। मैदानी एरिया में घर बनवाने पर 1,20,000 रुपए व पहाड़ी क्षेत्र में 1,30,000 रुपए की मदद दी जाती है।
यह भी पढ़ें: UNGA में बज रहा भारत का डंका, फ्रांस, रूस, यूक्रेन समेत कई देशों ने पीएम मोदी के पढ़े कसीदे
उल्लेखनीय है कि मंत्रालय ने किफायती किराए के आवासीय परिसर की भी शुरुआत की है, जो प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी की एक सब-स्कीम है। यह औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ अनौपचारिक अर्बन इकोनॉमी में शहरी प्रवासियों या गरीबों को उनके कार्यस्थल के पास आसानी से किफायती किराए के घर प्रदान करती है। आज भी पात्र लोगों के लिए यह योजना खुली है।
ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर परिवार को छत मुहैया कराने के मामले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अपने घर का हसरत पाले बैठे लोगों के सपनों में मोदी सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना ने एक नई जान डाल दी है।
इस योजना के एक लाभार्थी सुधीर कुमार जैन भी हैं जो मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहने वाले हैं। सुधीर को अभी हाल ही में इस योजना के तहत पक्का घर मिला है। अपने घर के सपने के साकार होने पर सुधीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खत लिखा है। इस खत में उसने पीएम को धन्यवाद दिया है लेकिन मजेदार बात यह है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सुधीर को इस खत के जवाब में एक चिट्ठी भेजी है। सुधीर ने इस खत में पीएम को धन्यवाद देते हुए लिखा कि पीएम आवास योजना आवास विहीन गरीब परिवारों के लिए वरदान है।
सुधीर ने लिखा था कि अब तक वह किराए के मकान में रह रहे थे और 6-7 बार मकान बदल चुके थे। बार-बार मकान बदलने की पीड़ा क्या होती है, इसे वे भली भांति समझते हैं। सुधीर के इस खत के जवाब में पीएम मोदी ने भी एक चिट्ठी भेजी। इस चिट्ठी में पीएम मोदी ने सुधीर को पक्का घर मिलने की बधाई दी और कहा कि अपनी छत, अपना घर पाने की खुशी अनमोल होती है। उन्होंने लिखा, मकान केवल ईंट, सीमेंट से तैयार ढांचा नहीं है बल्कि इससे हमारी भावनाएं, हमारी आकांक्षाएं जुड़ी होती हैं। घर की चहारदीवारी हमें सुरक्षा तो प्रदान करती ही है, साथ ही हमारे अंदर एक बेहतर कल का भरोसा और विश्वास भी जगाती है।
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा है, प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए आपके अपने घर का सपना साकार हुआ है। इस उपलब्धि के बाद आपके अंदर जो संतोष का भाव है, उसका आभास पत्र में आपके शब्दों से सहज ही हो जाता है। आपके परिवार के गरिमापूर्ण जीवन और दोनों बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए यह घर एक नए आधार की तरह है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस खत में यह भी कहा है कि पीएम आवास योजना के तहत अब तक करोड़ों लाभार्थियों को अपना पक्का घर मिल चुका है। सरकार हर जरूरतमंद परिवार को घर उपलब्ध कराने के लक्ष्य को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ तेज गति से आगे बढ़ रही है। सरकार जन-कल्याण की विभिन्न योजनाओं के जरिए देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के ईमानदार प्रयास कर रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस खत में यह भी लिखा है कि उन जैसे लाभार्थियों के जीवन में आए ये यादगार पल ही उन्हें राष्ट्र की सेवा में बिना थके, बिना रुके निरंतर कार्य करते रहने की प्रेरणा और ऊर्जा देते हैं।
यह भी पढ़ें: मोदी सरकार अचानक रूस के खिलाफ क्यों खड़ी हो गई है? किन चिंताओं ने भारत को किया परेशान
(लेखक भूपेंद्र चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हैं)
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं. लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications