CJP Protest: शिक्षा मंत्री का इस्तीफा- आंदोलन का एक चरण खत्म, लेकिन सवाल कई बाकी हैं दोस्त!

'सरकारें आंदोलनों से नहीं डरतीं। वे उस दिन डरती हैं, जब जनता सवाल पूछना सीख जाती है'... जंतर-मंतर की शाम-ए, अब पहले जैसी नहीं रहेंगी। डेढ़ महीने तक नारों, पोस्टरों, भाषणों, बहसों, पुलिस बैरिकेड्स और कैमरों की रोशनी से भरा रहने वाला वह इलाका अब धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा। एक महीने से अधिक समय तक चला कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन का पहला चरण शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ फिलहाल समाप्त हो गया। आंदोलन के समर्थक इसे अपनी जीत बता रहे हैं, विपक्ष इसे सरकार के झुकने का प्रमाण मान रहा है और सत्ता पक्ष इसे लोकतांत्रिक संवेदनशीलता की मिसाल बता रहा है।

सच शायद इन तीनों के बीच कहीं है। सरकार झुकी जरूर है, लेकिन इसे उसकी हार कहना जल्दबाज़ी होगी। उतना ही सही यह भी है कि यदि जनता का शांतिपूर्ण दबाव किसी सरकार को निर्णय बदलने पर मजबूर करता है, तो इसे लोकतंत्र की पराजय नहीं बल्कि उसकी सफलता माना जाना चाहिए।

cjp-protest-dharmendra-pradhan-resignation-movement

लोकतंत्र की खूबसूरती ही यही है कि वही संविधान एक सरकार को संसद तक पहुंचाता है और उसी संविधान के तहत नागरिकों को सड़क पर खड़े होकर सरकार से जवाब मांगने का अधिकार भी देता है। संसद और सड़क, दोनों लोकतंत्र के वैध मंच हैं। इसलिए यदि किसी जनदबाव के बाद सरकार निर्णय बदलती है तो उसे केवल राजनीतिक कमजोरी नहीं, लोकतांत्रिक उत्तरदायित्व और विधायी परिपक्वता के रूप में देखा जाना चाहिए।

लेकिन क्या यह कहानी यहीं समाप्त हो जाती है? मुझे नहीं लगता। दरअसल यह आंदोलन खत्म नहीं हुआ, बल्कि उसका पहला अध्याय पूरा हुआ है। महज दो महीने पुराने एक संगठन द्वारा डेढ़ महीने के आंदोलन के बाद एक केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा निश्चित रूप से बड़ी राजनीतिक उपलब्धि है। लेकिन क्या इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था की सारी समस्याएं समाप्त हो जाएंगी? क्या परीक्षा प्रणाली में विश्वास पूरी तरह लौट आएगा? क्या युवाओं के भीतर जमा असंतोष खत्म हो जाएगा?

यदि इन प्रश्नों का उत्तर 'नहीं' है, तो यह मान लेना भी समीचीन होगा कि आने वाले समय में इसी तरह के और आंदोलन देखने को मिल सकते हैं। लोकतंत्र में ऐसा होना अस्वाभाविक भी नहीं है। विपक्ष का अस्तित्व ही इसीलिए है कि वह केवल अगले चुनाव का इंतजार न करे, बल्कि सरकार को उसके कार्यकाल के दौरान भी जवाबदेह बनाए। किसी आंदोलन की वैधता चुनावी नतीजों से नहीं मापी जाती। लेकिन इस आंदोलन ने अपनी सफलता के साथ-साथ कुछ गंभीर प्रश्न भी छोड़े हैं।

पहला प्रश्न, क्या विरोध की भी कोई मर्यादा होती है?

आंदोलन का उद्देश्य चाहे शिक्षा मंत्री का इस्तीफा रहा हो, परीक्षा प्रणाली में सुधार या पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाना, इन मांगों पर बहस हो सकती है। लेकिन आंदोलन के दौरान जिस भाषा, जिन नारों और जिन पोस्टरों का इस्तेमाल हुआ, उस पर भी चर्चा होनी चाहिए। लोकतंत्र में असहमति का अधिकार है, लेकिन क्या सार्वजनिक विमर्श में अश्लीलता, गाली-गलौज और लैंगिक संकेतों से भरी भाषा भी लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति का हिस्सा मानी जाए? मेरा देह मेरी मर्ज़ी तक तो ठीक है लेकिन देश के देह की नीलामी....?

हिंसा केवल हथियारों से नहीं होती, भाषा भी हिंसक हो सकती है। यदि किसी आंदोलन का नैतिक बल उसकी सबसे बड़ी पूंजी होता है, तो उसकी भाषा भी उसी नैतिकता का हिस्सा होनी चाहिए। आंदोलन की ऊर्जा और अभद्रता एक ही चीज़ नहीं हैं।

दूसरा प्रश्न, क्या असहमति केवल एक दिशा में स्वीकार्य है?

हर आंदोलन सरकार से असहमति के सम्मान की अपेक्षा करता है। लेकिन क्या वही मानदंड आंदोलन के भीतर भी लागू होते हैं? जंतर-मंतर पर विभिन्न विचारों और नारों के लिए कितना स्थान था? क्या हर वैचारिक अभिव्यक्ति का समान स्वागत था, या कुछ प्रतीकों और नारों को स्वीकार किया गया जबकि कुछ को अस्वीकार?

लोकतंत्र की असली परीक्षा तब होती है जब हम अपने विरोधी की अभिव्यक्ति का भी सम्मान कर सकें। यदि हम केवल अपनी पसंद की असहमति को ही वैध मानते हैं, तो लोकतांत्रिक उदारता अधूरी रह जाती है। इस आंदोलन में जय भीम के नारे खूब लगे लेकिन किसी ने 'जय श्री राम' बोल दिया तो उसे झटपट प्रदर्शन स्थल से चलता कर दिए। क्या सीजेपी ने कभी कहा कि जिस मंच पर 'नाम रहेगा अल्लाह' का गाया गया वो मंच जय भीम का भी है और जय श्री राम का भी? समुदायों को लेकर सेलेक्टिविटी क्यों, मि. कॉकरोच?

तीसरा प्रश्न, मीडिया से असहमति और मीडिया पर हमला, दोनों एक बात नहीं हैं

जिस तरह से कथित आंदोलनकारियों ने कुछ पत्रकारों को केवल हैकल ही नहीं किया बल्कि उन्हें सरेआम शारीरिक और मानसिक आघात भी पहुंचाया - उससे क्या यह सवाल नहीं उठता कि यह आंदोलन सच में अहिंसक था? इस आंदोलन में पहले दिन से अनेक मीडिया हाउस को 'गोदी मीडिया' कहकर अपमानित किया जा रहा था। कुछ हद तक अपनी यह अधोगति खुद तथाकथित मेन-स्ट्रीम मीडिया ने ही लिखी है।

मैं मानता हूं कि देश में पत्रकारिता का स्तर गिरा है। जब एजेंडाबाज ऐंकर, रीढविहीन संपादक और चापलूस पूंजीपति गठजोर का मीडिया पर आधिपत्य हो जाएगा तो उनके लिए सम्मान की अपेक्षा नहीं रहती, लेकिन उग्र प्रदर्शनकारी ये भूल गए कि उनके आंदोलन को कवर करने आया रिपोर्टर महज अपनी ड्युटी कर रहा है, आप जिस एजेंडा से नफरत करते हैं वह उसका नहीं, उसके मालिक का है। आप तो सिर्फ उसकी माइक-आईडी देख रहे, उसकी विचारधारा जानते तक नहीं। वो निरीह प्राणी सुबह अपना टिफीन पैक करके काम पर चला है, उसे रिपोर्ट करना है जंतर-मंतर पर क्या चल रहा है, उसने अभी माइक संभाला ही था, कुछ बोला भी नहीं, न आपके विरोध में, न अपने मालिक के एजेंडे पर... आप उससे एकतरफा धक्का-मुक्की, गाली-गलौज करने लगे?

यदि किसी रिपोर्टर की माइक-आईडी के आधार पर उस पर हमला किया जाता है, तो यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं बल्कि उसके विरुद्ध आचरण है। लोकतंत्र में मीडिया आलोचना से परे नहीं है। लेकिन मीडिया कर्मियों पर हिंसा कभी स्वीकार्य नहीं हो सकती। मैसेंजर को ही मार देंगे तो विरोधी राजा तक आपका संदेश कौन पहुंचाएगा? साथ ही, यह सवाल चौथे स्तंभ के स्वयंभू आकाओं से भी है कि आप मीडिया और मीडियाकर्मियों का और क्या अंजाम देखना चाहते हैं?

चौथा प्रश्न, क्या पुलिस की जवाबदेही तय होगी?

मैं और मेरे सहयोगी इस आंदोलन को डे-वन से कवर कर रहे हैं। मैं खुद भी कई बार जंतर-मंतर से रिपोर्टिंग कर चुका हूँ। यह आंदोलन जब उग्र हुआ उस वक्त मेरे कई सहयोगी ग्राउंड पर थे। पुलिस और आरएएफ के जवनों ने जो लाठियां बरसाई, क्या वही उनकी ट्रेनिंग थी? क्या लाठियों में कील लगाकर मारने की ट्रेनिंग दी जाती है इस देश की पुलिस को? और लाठियां चलाते वक्त आपके जहन में यह नहीं आया कि लाठी खाने वाला कौन है? आंदोलन के अंतिम चरण में पुलिस कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल उठे।

अगर आपका यह कहना है कि उस भीड़ में अराजक तत्त्व घुस गए थे तो यह भी आपकी ही विफलता है। हम जाते रहे थे कवर करने, आपने तो हमें भी हमारी आईडी देखकर ही जाने दिया था, तो फिर ये अराजक तत्त्व आए कहां से और कैसे? और इतनी बडी भीड़ को संभालने की आपकी रणनीति क्या थी? बहरहाल आपके आत्मरक्षा वाली थेयरी की कलई मीडिया के कैमरों ने खोल दी। इन प्रश्नों की निष्पक्ष जांच किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की जिम्मेदारी है।

सबसे बड़ा प्रश्न, सरकार से

हे महाबाहो! सबकुछ लुटाकर ही होश में आना जरूरी है क्या? किसी भी लोकतांत्रिक सरकार की सबसे बड़ी शक्ति संवाद होती है। सरकार ने बातचीत की, मांगों पर विचार किया और मंत्री का इस्तीफा हुआ, तो यह सवाल भी स्वाभाविक है कि संवाद पहले क्यों नहीं शुरू हुआ?

शिक्षा मंत्री महोदय के कार्यकाल में यह तीसरा नीट पेपर लीक था। अन्य परीक्षाओं में भी अनियमितता और कदाचार के मामले आते रहे हैं। और तो और यूजीसी एक्ट बनाकर मंत्री जी ने कैंपस को बारूद के ढेर पर फरवरी में ही दिया था, वो तो भला हो सुप्रीम कोर्ट का जिसके स्टे के बाद मामला शांत हुआ, वरना मंडल पार्ट 2 की आशंका सताने लगी थी। इस पर भी उनकी आंगिक भाषा देखिए कि जिस दिन नीट पेपर लीक का समाचार आया, मंत्री जी मीडिया का तिरस्कार करते हुए आगे बढ गए। न अफसोस, न जिम्मेदारी। पीएम दो दिन से जब एक्टिव हुए और कमान सभाला तो बातचीत का दरबाजा खुला और आंदोलन रुका।

सीएए, कृषि कानून, भूमि अधिग्रहण कानून समेत सरकार की अदूरदर्शिता और हठधर्मिता की पोल कई बार खुल चुकी है। किसान आंदोलन में भी साल भर बाद आपने तीनों कानून वापस लिए और यहाँ भी डेढ महीने के आंदोलन के बाद इस्तीफा दिलवाया। क्या इसे और पहले सुलझाया जा सकता था? जब तक यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था तब क्यों आपकी तरफ से संवाद की कोई पहल सामने नहीं आई?

अंत में...

यह आंदोलन समाप्त नहीं हुआ। केवल उसका पहला अध्याय समाप्त हुआ है। इसने सरकार को जवाबदेह बनाया, विपक्ष को ऊर्जा दी, युवाओं को राजनीतिक भागीदारी का एहसास कराया और लोकतंत्र को एक बार फिर याद दिलाया कि सड़क की आवाज़ भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी संसद की।

लेकिन इस आंदोलन ने यह भी सिखाया कि लोकतंत्र केवल जीत का नाम नहीं है। लोकतंत्र का अर्थ है, संवाद, संयम, असहमति का सम्मान, जवाबदेही और संवैधानिक मर्यादा। यदि सरकार इन सबक़ों को याद रखे, विपक्ष भी आत्ममंथन करे, आंदोलनकारी अपनी भाषा की मर्यादा पर विचार करें, मीडिया अपनी विश्वसनीयता लौटाने का प्रयास करे और पुलिस अपने आचरण की समीक्षा करे, तभी इस आंदोलन की सबसे बड़ी उपलब्धि किसी मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि लोकतंत्र की परिपक्वता होगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+