पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज, पूर्वी मिदनापुर के एसपी को लेकर दिया था ये बयान
कोलकाता, जुलाई 20। पश्चिम बंगाल में बीजेपी के विधायक और विधानसभा में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। दरअसल, ये केस सुवेंदु अधिकारी के उस बयान को लेकर दर्ज हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मेरे पास उन सभी कॉल्स की डिटेल और रिकॉर्डिंग है, जो TMC नेता अभिषेक बनर्जी और पूर्वी मिदनापुर के एसपी अमरनाथ के बीच हुई थी। सुवेंदु के इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एक्ट और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया है।

सुवेंदु अधिकारी ने दिया था ये बयान
आपको बता दें कि सुवेंदु अधिकारी ने पूर्वी मिदनापुर के एसपी अमरनाथ को लेकर कहा था कि आप ऐसा कुछ भी काम मत करो, जिसकी वजह से आपको जम्मू कश्मीर के अनंतनाग या फिर बारामूला में ड्यूटी के लिए भेज दिया जाए। सुवेंदु अधिकारी ने निमतौरी में एसपी कार्यालय के पास बने एक अस्थायी मंच से ये बातें कही थी। उन्होंने कहा था, "मेरे पास उन सभी कॉल्स की डिटेल और रिकॉर्डिंग हैं, जो आपके ऑफिस में भतीजे (टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी) के द्वारा की गई हैं। यदि आपके पास राज्य सरकार का समर्थन है, तो मेरे पास केंद्र सरकार है ... यह मत सोचो कि भाजपा कमजोर है।"
9 अगस्त को एसपी ऑफिस के बाहर जुटेंगे 1 लाख लोग
सुवेंदु अधिकारी ने इस दौरान बताया कि 9 अगस्त को एसपी ऑफिस के बाहर करीब 1 लाख लोगों की भीड़ इकट्ठा होगी और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। इस विरोध प्रदर्शन को करने का उद्देश्य राज्य सरकार पर दबाव बनाने का होगा।
क्यों अफसरों पर भड़के सुवेंदु अधिकारी?
आपको बता दें कि बड़ा सवाल ये है कि आखिर सुवेंदु अधिकारी ने पूर्वी मिदनापुर के एसपी के खिलाफ इस तरह की बात क्यों कही। आपको बता दें कि अधिकारी अपने खिलाफ पुलिस जांच से नाराज हैं और उन्हें लगता है कि राज्य सरकार जानबूझकर उन्हें फंसा रही है।
इन मामलों में पुलिस ने सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ चलाई जांच
- तारपोलिन चोरी केस, जिसमें सुवेंदु अधिकारी आपराधिक साजिश के आरोपी हैं। इसके अलावा 2018 में उनके सिक्यॉरिटी गार्ड का मर्डर केस, जिसमें वो आरोपी हैं। ये मामले अब सीआईडी के पास है।
- इसके अलावा कोंटई कोऑपरेटिव बैंक में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर भी राज्य सरकार कोलकाता हाई कोर्ट का रुख कर चुकी है। इस बैंक के चेयरमैन सुवेंदु अधिकारी हैं।
सुवेंदु अधिकारी का कहना है कि पश्चिम बंगाल सरकार बीजेपी कार्यकर्ताओं को झूठे केस में फंसाकर उनका उत्पीड़न करना चाह रही है।












Click it and Unblock the Notifications