पश्चिम बंगाल: राज्यपाल ने सीएम ममता को लिखा पत्र, बीरभूम हिंसा और विधानसभा के मुद्दे पर बातचीत के लिए बुलाया
कोलकाता, 29 मार्च: एक बार फिर से हिंसा को लेकर पश्चिम बंगाल सुर्खियों में है। राज्य के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में हुई हिंसा के बाद सियासी माहौल गर्माया हुआ है। टीएमसी और बीजेपी के बीच बयानबाजी का सिलसिला जारी है। इस बीच अब पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री ममता को पत्र लिखकर बातचीत के लिए जल्द से जल्द बुलाया है। खुद राज्यपाल ने अपना पत्र ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी साझा की।

राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने सीएम ममता को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने बीरभूम हिंसा और सोमवार को विधानसभा के अंदर टीएमसी-बीजेपी विधायकों के बीच हुई हाथापाई को लेकर पत्र लिखा है। धनखड़ ने अपने पत्र में लिखा कि बंगाल में अराजकता और हिंसा आसमान छू रही है। पत्र में उनकी ओर से कहा गया, "हाल ही में हुई घटनाए बढ़ी हुई अराजकता और हिंसा को चिंताजनक रूप से दर्शाता है, यह जरूरी है कि आप (ममता बनर्जी ) राजभवन में बातचीत के लिए जल्द से जल्द समय निकालें।"
वहीं ममता सरकार पर राज्यपाल ने अपने पत्र के जरिए निशाना भी साधा है। उन्होंने सीएम ममता के उस फैसले पर चिंता व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने सीबीआई जांच के विरोध में सड़कों पर उतरने की बात कही गई थी। राज्यपाल ने कहा कि इस बात की अनदेखी करते हुए कि सीबीआई जांच का आदेश कलकत्ता में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिया गया है और निगरानी की जाती है। इसके बावजूद इसका विरोध किया जा रहा है।
इसी के साथ उन्होंने आगे कहा कि राज्य में संविधान और कानून के दृष्टिकोण से पहले से व्यवस्था खराब है और बीरभूम की भयावह घटनाओं और पश्चिम बंगाल विधानसभा की हुई घटना ने और अधिक तनावपूर्ण बना दिया गया है। आपको बता दें कि 21 मार्च की तड़के अज्ञात हमलावरों ने रामपुरहाट के पास बोगटुई गांव में कुछ 10 घरों पर पेट्रोल बमों से हमला कर आग लगा दी थी, जिसमें करीब आठ लोगों की मौत हो गई थी। घायल महिलाओं में से एक ने सोमवार (28 मार्च) को दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों की संख्या 9 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications