West Bengal Election Result : 2019 के मुकाबले TMC को भारी बढ़त, BJP को नुकसान, आंकड़ों से समझिए
कोलकाता, मई 2। रविवार 2 मई को जिन पांच विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो रहे हैं उनमें सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल चुनाव की है। पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव कराए गए थे। चुनाव अभियान के समय से ही बीजेपी और टीएमसी में कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया गया था। यहां तक कि 29 मई को एग्जिट पोल में भी कांटे की टक्कर बताई गई थी लेकिन रुझानों में जो आंकड़े सामने आ रहे हैं ममता बनर्जी प्रचंड बहुमत पाती नजर आ रही हैं।

2019 के मुकाबले क्या आया बदलाव?
खास बात यह है कि पिछले लोकसभा चुनाव में जो विधानसभा क्षेत्रों में जो वोट मिले थे वहां पर भी इस बार समीकरण काफी बदल गया है।
लोकसभा चुनाव में अच्छी सफलता के बाद इस बार बीजेपी की नजरें बंगाल पर थीं और पार्टी ने 200 सीटें जीतने का दावा किया था। लेकिन जो रुझानों में जो नतीजे मिल रहे हैं वह बीजेपी की उम्मीद से बिल्कुल उलट हैं। बल्कि बीजेपी क्या इस तरह के परिणाम की उम्मीद तो खुद टीएमसी ने भी नहीं की होगी। फिलहाल खबर लिखे जाने तक टीएमसी को रुझानों में 203 सीटें मिलती नजर आ रही हैं जबकि दूसरी तरफ बीजेपी को, जिसके नेताओं ने 200 सीट मिलने का दावा किया था, केवल 83 सीटें मिल रही हैं।

2019 के मुकाबले टीएमसी को 40 सीट की बढ़त
दरअसल बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में बंगाल की 42 में से 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव के नतीजों का आकलन करे तो पता चलता है कि बीजेपी को 121 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल हुई थी जबकि ममता बनर्जी की टीएमसी को 163 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली थी।
लोकसभा के नतीजों को देखें तो ममता बनर्जी की पार्टी को बीजेपी पर बढ़त तो हासिल थी लेकिन वह इतनी ज्यादा नहीं थी। यही वजह है कि बीजेपी ने इस बार पूरा जोर लगाया था और इस गैप को पाटने के लिए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत केंद्रीय मंत्रियों की पूरी फौज प्रचार में उतारी थी। बीजेपी के कई सांसद और मंत्री बाबुल सुप्रियो तो खुद चुनाव मैदान में भी उतरे लेकिन यह गैप कम होने की बजाय और बढ़ गया है।
2019 के लोकसभा चुनाव में जहां टीएमसी को 163 सीटों पर बढ़त हासिल थी वहीं इस बार के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 203 सीटें मिल रही हैं। इस तरह टीएमसी ने इन 2 सालों में अपनी स्थिति को सुधार करते हुए 40 विधानसभा सीटों का फायदा उठाया है।

बीजेपी को 38 सीटों का नुकसान
वहीं बीजेपी की बात करें तो 2019 में जहां इसके पास 121 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल थी वहीं 2021 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 38 सीटों का भारी नुकसान हुआ है। अभी तक रुझानों में बीजेपी को 83 सीटें मिलती नजर आ रही हैं।
इस विधानसभा चुनाव में वाम दलों के गठबंधन का प्रदर्शन सबसे खराब रहा है। इस बार वाम दलों और कांग्रेस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था लेकिन इस गठबंधन सिर्फ 1 सीट ही मिल रही है जबकि लोकसभा चुनाव में इस गठबंधन को 8 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications