Cowin Data Leak: कोविन डेटा लीक मामले में TMC सांसद ने दर्ज करवाई FIR,कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कोविन पोर्टल से संवेदनशील डेटा के लीक होने के मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है। उन्होंने इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि 12 जून को टीएमसी नेता साकेत गोखले ने कोविन पोर्टल से कई दिग्गज नेताओं के डेटा लीक होने की जानकारी दी थी। इन नेताओं में पी चिदंबरम, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल समेत कई दिग्गज नेताओं के नाम थे।
कोलकाता के लालबाजार साइबर थाने में दर्ज करवाया मामला
कोलकाता के लालबाजार साइबर पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत में तृणमूल नेता ने कहा कि एक गहरी साजिश चल रही है जिसमें उच्च पदस्थ लोक सेवक, सरकारी अधिकारी और अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं, जिन्होंने नागरिकों से संबंधित संवेदनशील डेटा को लीक किया है। इस प्रक्रिया में, निजी संस्थाओं को व्यक्तिगत डेटा चोरी की अनुमति दी गई।

डेटा लीक के खतरनाक परिणाम हो सकते हैं: डेरेक ओ ब्रायन
डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि हम एक अभूतपूर्व स्थिति का सामना कर रहे हैं, जिसमें भारत के लगभग उन सभी नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा तीसरी पार्टी को सौंप दी गई है जिन्होंने को-विन पोर्टल के तहत पंजीकरण कराया है। इसके खतरनाक परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कि संसद सदस्यों, उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारियों और अन्य संवैधानिक पदधारियों के व्यक्तिगत डेटा से समझौता किया गया है। आज तक किसी को नहीं पता कि इस तरह के डेटा का उपयोग क्यों और कैसे किया गया है। इसलिए, जब तक आपके कार्यालय द्वारा तत्काल कदम नहीं उठाए जाते, तब तक देश की सुरक्षा और सुरक्षा पर विनाशकारी प्रभाव पड़ सकते हैं।
इन नेताओं के डेटा लीक होने का आरोप
टीएमसी नेता साकेत गोखले ने दावा करते हुए कहा कि जब कोविन एप पर मोबाइल नंबर के साथ रजिस्ट्रेशन किया जाता है तो टेलीग्राम पर उस व्यक्ति का मोबाइल नंबर, आईडी कार्ड्स के नंबर, लिंग, जन्म का साल, नाम, वैक्सीनेशन सेंटर का डाटा आदि की जानकारी लीक हो जाती है। टीएमसी नेता ने बताया कि जिन नेताओं का डेटा लीक हुआ है, उनमें टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन, पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम, कांग्रेस नेता जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, अभिषेक मनु सिंघवी, शिवसेना नेता संजय राउत का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications