श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पूछा 'क्या आप INDIA गठबंधन को लीड करेंगी?', जानिए ममता बनर्जी ने क्या दिया जवाब
Mamata Banerjee News: 2024 लोकसभा चुनाव में एनडीए को टक्कर देने के लिए विपक्षी एकता का गठबंधन INDIA अपनी रणनीति को धार देने में जुटा हुआ है। इस बीच टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी का एक बयान खासा चर्चाओं में है।
एक तरफ INDIA गठबंधन की एक के बाद कई बैठकें आयोजित हो रही हैं। वहीं गठबंधन के चेहरे को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसे में गठबंधन की अगुवाई करने को लेकर ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया सामने आईं हैं।

दुबई एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात
दरअसल, निवेश की तलाश में स्पेन जा रही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को दुबई एयरपोर्ट पर श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे से अचानक मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच की बातचीत राजनीति पर आधारित थी और इस दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति ने ऐसा सवाल पूछा लिया, जिसका ज्यादातर लोग जानना चाहेंगे।
क्या आप INDIA गठबंधन को लीड करेंगी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विक्रमसिंघे ने ममता बनर्जी से पहले कहा, "क्या मैं आपसे एक प्रश्न पूछ सकता हूं?" इसके बाद उन्होंने पूछा, "2024 के इलेक्शन में क्या वो ही INDIA गठबंधन की अगुवाई करेंगी? हम सभी सोच रहे हैं"।
जानिए ममता बनर्जी का जवाब
इस सवाल पर ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया देखने लायक थी। श्रीलंका के राष्ट्रपति के सवाल के जवाब से पहले ममता बनर्जी चौंकीं और फिर मुस्कुराते हुए बोलीं- "हे भगवान! यह लोगों की इच्छा पर निर्भर करता है, आप जानते हैं... अगर लोग हमारा समर्थन करते हैं, तो हम कल स्थिति (सत्ता) में हो सकते हैं।"
अभी चेहरे पर कोई फैसला नहीं
अब तक विपक्षी एकता मोर्चा INDIA (इंडियन नेशनल डेमोक्रैटिक इन्क्लूसिव अलायंस) मौजूदा परिस्थिति में सामूहिक नेतृत्व से चलाया जा रहा है। हालांकि पीएम मोदी और एनडीए को टक्कर देने के लिए विपक्षी गठबंधन का चेहरा कौन होगा, इस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। गठबंधन के नेताओं ने इस सवाल पर चुप्पी साधी हुई है। लेकिन नेताओं का कहना है कि समय आने पर इस पर भी फैसला लिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications