सीएम नीतीश कुमार के करीबी रहे पवन वर्मा ने थामा TMC का दामन, कहा- परिस्थितियों को देखते हुए ज्वॉइन किया
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ जनता दल यूनाइटेड ( जदयू ) को भी बड़ा झटका दिया है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार के खास रहे जदयू प्रवक्ता और महासचिव पवन वर्मा ने टीएमसी का दामन थाम लिया है। वहीं टीएमसी ज्वॉइन करने के बाद उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और ममता बनर्जी की क्षमता को देखते हुए मैं आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुआ हूं।

पवन वर्मा को जदयू ने पार्टी से बाहर निकाल दिया था। उनके साथ ही प्रशांत किशोर को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था। बताया जाता है कि प्रशांत किशोर की नीतीश कुमार से नजदीकी बढ़ाने में पवन वर्मा की खास भूमिका रही थी। इसी के चलते साल 2015 के चुनाव में नीतीश ने राजद के साथ गठबंधन किया था।
बता दें कि पवन वर्मा भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी रहे हैं। वे सीएम नीतीश कुमार के सलाहकार की भूमिका में भी थे। साल 2014 में उन्हें पार्टी के तरफ से राज्यसभा भी भेजा गया था। वे साल 2016 तक जदयू के राज्यसभा सदस्य रहे। वहीं जब जदयू और भाजपा की नजदीकियां फिर से बढ़ने लगी तो पवन वर्मा ने इसका विरोध किया था। नीतीश कुमार को पत्र लिखकर उन्होंने रोका था। उसके बाद से ही पार्टी से उनकी दूरी बढ़ने लगी थी।
काफी दिनों तक साइडलाइन रहे पवन वर्मा ने टीएमसी का दामन थामा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता और बिहार के दरभंगा से पूर्व सांसद कीर्ति आजाद भी टीएमसी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बता दें कि बंगाल चुनाव में मिली जोरदार जीत के बाद से ममता बनर्जी राष्ट्रीय राजनीति में भी काफी सक्रिय हो गई हैं। एंटी बीजेपी स्क्वाड बनाने की तैयारी में वे जोर-शोर से लगी हुई हैं। इसी क्रम में वे भाजपा समेत जदयू और कांग्रेस नेताओं को पार्टी में शामिल करा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications