ममता बनर्जी ने बिना नाम लिए अमित शाह पर साधा निशाना, बोलीं- 2 मई को हरे गुलाल से खेलेंगे होली
कोलकाता। देशभर में रंगों के त्योहार होली की धूम है लेकिन पश्चिम बंगाल पर विधानसभा चुनाव का रंग चढ़ा हुआ है। 27 मार्च को पहले चरण के मतदान के बाद मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि 2 मई को 'हरे गुलाल' के साथ एक और होली खेली जाएगी, जब वोटो की गिनती होगी। पूर्बा मेदिनिपुर जिले के चांदीपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव में अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस पार्टी (टीएमसी) की जीत का आश्वासन देते हुए यह बयान दिया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'कल (शनिवार) लोगों ने 30 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान किया। हम भविष्यवाणी नहीं कर सकते लेकिन चूंकि मतदान में 84 फीसदी लोगों ने अपना वोट दिया, इसलिए मैं कह सकती हूं कि हम बड़ी जीत हासिल करेंगे।' ममता बनर्जी ने अमित शाह के उस दावे को भी खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 30 सीटों में से 26 पर जीत हासिल करेगी।
अमित शाह का नाम लिए बिना सीएम ममता ने सवाल पूछते हुए कहा, जिन्होंने एक दिन पहले नई दिल्ली में बैठकर बीजेपी के प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोर देते हुए यह कहा था, वह चुनाव होने के ठीक एक दिन बाद ऐसा दावा कैसे कर सकते हैं? ममता बनर्जी ने आगे कहा, 'एक नेता ने आज कहा कि भाजपा 30 में से 26 सीटें जीतेगी, उन्होंने सभी 30 सीटों पर जीत का दावा क्यों नहीं किया? क्या उन्होंने कांग्रेस और सीपीआई (एम) के लिए बाकी सीटों को छोड़ दिया?' सीएम ने कहा, 'मैं केंद्रीय बलों से अनुरोध करना चाहता हूं। बीजेपी के लिए प्रचार करना आपका काम नहीं है। बंगाल में महिलाओं को धमकाना आपका काम नहीं है।'
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव में अब 'ऑडियो' की एंट्री, बीजेपी के बाद अब टीएमसी ने क्लिप जारी कर साधा निशाना












Click it and Unblock the Notifications