Kolkata: लॉ स्टूडेंट से कॉलेज कैंपस में गैंगरेप, पूर्व छात्र और स्टाफ समेत तीन गिरफ्तार, फिर कांप उठा कोलकाता
Kolkata Law student Gang-raped: आरजी कर अस्पताल में हुए दर्दनाक रेप और मर्डर के एक साल से भी कम समय बाद कोलकाता एक बार फिर एक भयावह घटना से दहल उठा है। कोलकाता से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लॉ स्टूडेंट की छात्रा के साथ उसके ही कॉलेज कैंपस में गैंगरेप का आरोप लगा है। यह वारदात 25 जून को दक्षिण कोलकाता के कासबा इलाके में स्थित एक लॉ कॉलेज में हुई। यह घटना न सिर्फ कॉलेज प्रशासन पर सवाल खड़े करती है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता पैदा कर रही है।
पीड़िता ने गुरुवार 26 जून की रात पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पूर्व छात्र और स्टाफ समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी की पहचान मनोजीत मिश्रा (31) -पूर्व छात्र, जैब अहमद (19) और प्रमित मुखोपाध्याय (20) - कॉलेज स्टाफ के तौर पर हुई है।

कोलकाता लॉ स्टूडेंट गैंगरेप केस: कौन है आरोपी?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लॉ स्टूडेंट गैंगरेप मामले के मुख्य आरोपी की पहचान पेशे से वकील मनोजीत मिश्रा के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसी छात्र परिषद) संगठन से जुड़ा हुआ है। तीनों आरोपियों को आज अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया। जज ने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
कोलकाता रेप केस: कब और कैसे हुई वारदात?
घटना 25 जून की शाम 7:30 बजे से 8:50 बजे के बीच हुई। पीड़िता साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की छात्रा है और उसने अपनी शिकायत में साफ बताया कि उसे कॉलेज परिसर में बुलाकर आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया है।
FIR के मुताबिक मनोजीत और जैब को 26 जून को गिरफ्तार किया गया था और उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। प्रमित को शुक्रवार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। तीनों को शुक्रवार को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 1 जुलाई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत दर्ज होने के बाद पहले दो आरोपियों को गुरुवार 26 जून को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर तीसरे आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया गया। तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।
राजनीतिक भूचाल: भाजपा ने TMC पर साधा निशाना
घटना को लेकर राजनीतिक घमासान भी शुरू हो गया है। बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, "इस राज्य में कुछ भी हो सकता है। पिछले साल एक जूनियर डॉक्टर का रेप और मर्डर हुआ था। महिलाओं की सुरक्षा कहीं नहीं है। मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) इसे भी 'छोटी घटना' बताकर पैसे की पेशकश करेंगी। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।"
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी X (पूर्व ट्विटर) पर घटना को "भयानक" बताया और आरोप लगाया कि इसमें एक टीएमसी सदस्य की संलिप्तता के संकेत हैं।अमित मालवीय ने कहा, "आरजी कर की भयावहता अभी भूले नहीं कि एक और घिनौनी वारदात सामने आ गई। बंगाल महिलाओं के लिए अब एक डरावना सपना बन चुका है।"
वहीं टीएमसी प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार ने पलटवार करते हुए कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्षी नेता एक सामाजिक संकट को राजनीति का मुद्दा बना रहे हैं। हमें इस तरह की सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर लड़ना चाहिए।"
एक साल में दूसरी बड़ी वारदात
गौरतलब है कि पिछले साल आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक पोस्ट-ग्रेजुएट मेडिकल छात्रा के साथ रेप और हत्या की दर्दनाक घटना हुई थी, जिसने पूरे राज्य को झकझोर दिया था। देशभर में इसको लेकर विरोध हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications