बीजेपी की हुई जीत तो कौन होगा बंगाल का अगला मुख्यमंत्री? दिलीप घोष ने दिया ये जवाब
कोलकाता। देशभर में तांडव मचा रहे कोरोना वायरस का पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव पर कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। राजनीतिक दल बड़ी संख्या में रैलियों का आयोजन कर रहे हैं, इस बीच वह जमकर एक-दूसरे पर निशाना भी साध रहे हैं। शुक्रवार को बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक बार फिर ममता सरकार पर हमला बोला। अपने एक इंटरव्यू में बीजेपी नेता ने कहा, मैंने बहुत सारे नंदीग्राम वोटर्स को यह कहते सुना है कि ममता बनर्जी नंदीग्राम से हार रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव में बीजेपी 215 सीटों पर जीत रही है।

Recommended Video
गौरतलब है कि गत गुरुवार चुनाव आयोग ने सितलकूची को लेकर दिए गए बयान के चलते दिलीप घोष 24 घंटे का बैन लगा दिया था। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव प्रचार न कर पाने की सूरत में दिलीप घोष ने पूरा समय अपने आवास पर बिताया। बंगाल बीजेपी चीफ ने अपने खाली समय में भी टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधने का मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने राज्य के चुनावी नतीजे और सीएम ममता को लेकर बड़े बयान दिए।
रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई के सट्टा बाजार के सटोरिये बंगाल में बीजेपी को 191 से 199 सीटें दे रहे हैं। इस पर बोलते हुए दिलीप घोष ने कहा, हर सप्ताह हमारी जीत में 10 सीटों का इजाफा हो रहा है, चुनाव नतीजों तक हम 200 सीटों पर पहुंच जाएंगे। हम यह नहीं कह सकते हैं कि सट्टा बाजार क्या कह रहा है, आम लोग बदलाव के मूड में हैं। जंगल महल से लेकर अन्य जगहों पर राज्य परिवर्तन का रोना रो रहा है। हमारा लक्ष्य 200 सीटों पर विजय पाना था, लेकिन हम 215 सीटों पर पहुंच रहे हैं।
कौन होगा अगला सीएम?
दिलीप घोष ने यह भी कहा कि सिर्फ बीजेपी समर्थक ही नहीं, नंदीग्राम वोटर्स भी यही कह रहे हैं कि इस बार ममता बनर्जी नंदीग्राम से हार जाएंगी। तृणमूल कांग्रेस हर जगह से हार रही है। दिलीप घोष से पूछा गया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर उन्होंने कहा, पार्टी तय करेगी कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। मुझे खुशी है कि मेरी पार्टी ने मुझे महत्वपूर्ण भूमिका दी। हमने एक पार्टी के रूप में काफी दूरी तय की है, मुझे खुशी है कि हम 200 से अधिक सीटें जीतेंगे।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी चीफ दिलीप घोष पर लगाया 24 घंटे का बैन, दिया था ये बयान












Click it and Unblock the Notifications