'ममता बनर्जी केवल एक धर्म की मुख्यमंत्री', हिंसा पीड़ित से नहीं मिलने देने पर भड़के सुकांत मजूमदार
West Bengal Violence: पुलिस के मुताबिक पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में कुल 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा पर अब सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के कई नेता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लगातार हमला बोल रहे हैं। इसी क्रम में आज बंगाल भाजपा प्रमुख डॉ. सुकांत मजूमदार (Sukanta Majumdar) ने बंगाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। हावड़ा में शिबपुर हिंसा के पीड़ितों से मिलने से रोके जाने पर पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार(Sukanta Majumdar) ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सभी के लिए नहीं, बल्कि एक धर्म के लोगों के लिए हैं। वह लोगों को हिंसा पीड़ित से मिलने से रोक रही हैं। यह कहां का न्याय है।
लोग डरे हुए हैं: सुकांत मजूमदार
डॉ. सुकांत मजूमदार (Sukanta Majumdar) ने कहा कि अभी स्थिति सामान्य नहीं है। मैं राज्यपाल को जमीनी हकीकत से अवगत कराऊंगा। बहुत सारे लोगों से मैंने बात की है जिन्होंने मुझे बताया है कि वे डरे हुए हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार को यहां सीएपीएफ की तैनाती के बारे में बात करनी चाहिए। घटना की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
टीएमसी पुलिस को अपने कैडर की तरह इस्तेमाल कर रही: सुकांत मजूमदार
सुकांत मजूमदार ने कहा कि टीएमसी पुलिस को अपने कैडर की तरह इस्तेमाल कर रही है। यहां कई भाजपा कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। हमारे एक कार्यकर्ता के पिता को डराया-धमकाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि उसके पिता को निकाल दिया जाएगा। इलाके में कई घायल लोग अभी भी हमें मदद के लिए बुला रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
हावड़ा शहर में शिबपुर इलाके में रामनवमी की शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान दो समूहों के बीच गुरुवार (30 मार्च) को झड़प हो गई थी। इसके बाद पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच शुक्रवार को इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण है। हिंसा के दौरान कई दुकानों और ऑटो-रिक्शा में तोड़फोड़ की गई, जबकि कुछ पुलिस वाहनों सहित कई कार में आग लगा दी गई। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने बल का इस्तेमाल किया।
ममता बनर्जी हिंदू विरोधी: अनुराग ठाकुर
वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य में तनाव फैलाने का आरोप लगाया। ठाकुर ने शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता राजू झा की कथित हत्या पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ममता बनर्जी को 'हिंदू विरोधी और' पक्षपाती' करार दिया।












Click it and Unblock the Notifications