पश्चिम बंगाल पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, हिंसा पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
कोलकाता, मई 4। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही हिंसा का दौर शुरू हो गया है। 2 मई को जैसे ही तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में प्रचंड जीत हासिल की तो राज्य में बीजेपी के दफ्तरों पर हमले शुरू हो गए। इन हमलों का आरोप टीएमसी पर लग रहा है। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हालात का जायजा लेने के लिए मंगलवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे। जेपी नड्डा ने उन बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की, जो इन हमलों में मारे गए। इस दौरान नड्डा ने ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला।
Recommended Video

आजाद भारत में ऐसी घटनाएं पहली बार देखी हैं- जेपी नड्डा
जेपी नड्डा ने कहा कि आजाद भारत में चुनावी नतीजों के बाद इस तरह की हिंसा की तस्वीरें कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि बीजेपी इसका लोकतांत्रिक तरीके से जरूर जवाब देगी। जेपी नड्डा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह आगजनी की घटनाएं की हैं, उनसे हमें काफी हैरानी हो रही है, हमने ऐसी घटनाएं भारत के बंटवारे के वक्त सुनी थीं। हमने स्वतंत्र भारत में चुनाव परिणाम के बाद कभी ऐसी असहिष्णुता नहीं देखी।
बीजेपी अध्यक्ष ने दक्षिण 24 परगना का किया दौरा
जेपी नड्डा ने दक्षिण 24 परगना के गोपालनगर इलाके का दौरा किया। यहां उन्होंने हिंसा में मारे गए कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हम इस वैचारिक लड़ाई और TMC की गतिविधियों से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो असहिष्णुता से भरी है। हम लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने के लिए तैयार हैं।
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हो गई है याचिका
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के दिन टीएमसी की जीत के बाद ही भारी लूटपाट, हिंसा और आगजनी की तस्वीरें सामने आने लगी। इन घटनाओं को लेकर पहले तो राज्यपाल ने राज्य सरकार से जवाब मांगा, उसके बाद गृह मंत्रालय ने भी इन घटनाओं को लेकर पूरी रिपोर्ट मांगी। साथ ही सुप्रीम कोर्ट में भी हिंसा की घटनाओं को लेकर मंगलवार को एक याचिका दाखिल की गई।












Click it and Unblock the Notifications