पश्चिम बंगाल: कांथी सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद से हटाए गए सुवेंदु अधिकारी, नियमों के तहत हुई कार्रवाई
कोलकाता, अगस्त 25। पश्चिम बंगाल में बीजेपी के विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को कांथी सहकारी बैंक (Contai Cooperative Bank) के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। सोमवार को बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की एक आपात बैठक हुई, जिसमें ये फैसला लिया गया। आपको बता दें कि ये बैंक सुवेंदु अधिकारी के गृह नगर पूर्वी मिदनापुर में है।

नियम के तहत हटाए गए सुवेंदु अधिकारी
बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के सदस्यों ने कहा कि नियम के मुताबिक, कोई व्यक्ति अध्यक्ष पद पद तीन से ज्यादा कार्यकाल नहीं कर सकता। सुवेंदु अधिकारी साल 2009 से इस पद पर थे। आपको बता दें कि सुवेंदु अधिकारी पूर्वी मिदनापुर में कई सहकारी बैंकों की प्रबंधन समिति के प्रमुख थे। हाल ही में उन्हें कांथी सहकारी संघ के अध्यक्ष पद से भी हटाया गया था।
कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे सुवेंदु
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस निष्कासन को अवैध बताया है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि मुझे राजनीतिक उद्देश्यों के लिए हटाया गया है, इसलिए ये निष्कासन अवैध है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ये फैसला कानूनी रूप से नहीं लिया गया है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि वो इस फैसले के खिलाफ अदालत जाएंगे।
सुवेंदु और ममता के बीच बढ़ेगी तकरार
आपको बता दें कि बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के इस फैसले के बाद सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी के बीच एकबार फिर तकरार बढ़ गई है। सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ा था और ममता बनर्जी को हराया भी था। चुनाव के बाद जून में, राज्य सरकार ने कई सहकारी बैंकों के संचालन की जांच शुरू की, जहां अधिकारी ने प्रबंध बोर्ड में एक पद संभाला था। बनर्जी ने तब कई सहकारी बैंकों में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया और दावा किया कि फर्जी नामों के खिलाफ खातों में पैसा जमा किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications