UP: बकरी ने बताया, उसका असली मालिक कौन?, पड़ोसी ने चोरी के बाद काट दिए थे बाल और लगा दी थी हेयर डाई
UP Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में पड़ोसी ने बकरी चुराने के बाद उसके बाल काट दिए और हेयर डाई लगा दी। हालांकि यह राज बकरी ने खोल दिया।
UP Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। वाराणसी जनपद में पड़ोस के रहने वाले एक शख्स ने पशुपालक की बकरी चोरी कर ली। बकरी चोरी करने के बाद उसने उसके बाल काट दिए और हेयर डाई लगा दी।
इसके अलावा उसने बकरी को अपने कमरे में बंद करके ही काफी दिन तक रखा। पशुपालक काफी खोजबीन किया लेकिन बकरी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इधर शुक्रवार को दरवाजा खुला रहने के चलते बकरी बाहर निकली और अपने असली मालिक के पास पहुंच गई।

उसके बाद खूब पंचायत हुई लेकिन पशुपालक की बेटी ने बकरी का नाम लेकर पुकारा तो बकरी उसके पास पहुंच गई। यह वाकया देख वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। बकरी चोरी के इस मामले में पशुपालक द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि उसके बाद चोरी करने वाला शख्स फरार हो गया।
एक दिन अचानक गायब हो गई थी बकरी
दरअसल, यह पूरा मामला वाराणसी जनपद के कपसेठी थाना अंतर्गत भुसौला गांव का है। गांव में एक व्यक्ति के परिवार द्वारा बकरी पालन किया गया है। पशुपालक की बेटी द्वारा बकरियों की देखभाल की जाती थी, जिसमें एक बकरी का नाम उसमें सीता रखा था।
एक दिन अचानक सीता नामक बकरी गायब हो गई। पशुपालक के परिवार वाले उसकी काफी खोजबीन किए लेकिन बकरी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। उसके बाद लोगों को लगा कि बकरी कहीं भटक कर चली गई है या फिर सियार या अन्य जानवर उसे खा गए हैं।
बकरी चोरी करने वाले लोग बकरी का बाल काट दिए थे और हेयर डाई लगाकर उसके रंग को भी बदल दिए थे। बकरी बाहर ना निकले जिसके चलते उसे कमरे में ही कैद कर रखा गया था और कमरे में ही उसे चारा पानी दिया जा रहा था।
मौका पाते ही पशुपालक के घर पहुंच गई बकरी
शुक्रवार को देर शाम पड़ोसी के घर का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान बकरी वहां से किसी तरह निकल गई और अपने पुराने मालिक के घर चली आई। बकरी का रंग अलग था ऐसे में लोग समझ नहीं पाए लेकिन हुलिया देख पशुपालक के परिवार उसे अपने बकरी बताने लगे।
इसी बीच बकरी चोरी करने वाले घर की महिला भी वहां पहुंच गई। वह बकरी को अपने साथ ले जाना चाहती थी लेकिन पशुपालक के घरवालों द्वारा विरोध किया गया। देखते ही देखते वहां पड़ोस के अन्य लोग भी एकत्र हो गए। उसके बाद पशुपालक की बेटी भी आ गई।
'सीता' बुलाते ही दौड़ कर आई
पशुपालक की बेटी बकरी को देखने के बाद पहचान गई और उसने सीता नाम लेकर बकरी को बुलाया तो बकरी भागते हुए उसके पास पहुंच गई। उसके बाद वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए और चोरी करने वाली महिला को फटकार लगाई गई। पशुपालक के परिवार द्वारा पुलिस को सूचना दिया गया।
चोरी का राज खुलने के बाद चोरी करने वाली महिला पुलिस आने की सूचना मिलते ही अपने घर से फरार हो गई। इस बारे में चौकी प्रभारी राजकुमार चौहान द्वारा बताया गया कि शनिवार को चौकी पर बकरी चुराने वाली और पशुपालकों को बुलाया गया लेकिन चोरी करने वाली महिला नहीं आई। फिलहाल इस मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications