VIDEO: सुरक्षाकर्मी रोकते रहे, PM ने खोल दिया कार का दरवाजा, काशीवासी ने दी ये भेंट
वाराणसी, 13 दिसंबर: काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का उद्घाटन करने वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। फूलों की बौछार होती रही। अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को देखकर खुद प्रधानमंत्री मोदी भी मंत्रमुग्ध हो गए। कई लोग पीएम मोदी को उपहार देने के लिए खड़े रहे। इस दौरान एक शख्स पीएम मोदी को तोहफा देने की कोशिश करता हुआ उनकी कार के पास पहुंच गया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे हटा दिया। पीएम ने उसे देखा और खुद कार का दरवाजा खोल दिया। पीएम मोदी के कार का दरवाजा खोलते ही शख्स उनके पास पहुंचा और उन्हें पगड़ी और अंगवस्त्रम भेंट किया। पीएम ने भी काशीवासी की भेंट ली और उनका अभिवादन स्वीकार किया।

पीएम मोदी करेंगे काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यूपी में अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिन के दौरे पर हैं। यहां वे करीब 339 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाले काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के पहले फेज का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 10:30 बजे वाराणसी पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने वाराणसी में सबसे पहले प्राचीन काल भैरव मंदिर के दर्शन किए, जिन्हें काशी के कोतवाल कहा जाता है।
Recommended Video

पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए उमड़ी भीड़
काल भैरव मंदिर के बाहर पीएम मोदी को लोगों ने पगड़ी भेंट की। पीएम मोदी की झलक पाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। पीएम मोदी के काल भैरव मंदिर पहुंचने के साथ ही लोगों ने 'हर-हर महादेव' के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी खिलड़िया घाट पहुंचे। यहां से क्रूज पर सवार होकर ललिताघाट के लिए रवाना हुए। यहां अपनी वेशभूषा बदलकर गंगा नदी में डुबकी लगाई। गंगा जल लेकर पैदल काशी विश्वनाथ धाम जाएंगे।

5 लाख स्क्वायर फीट में नए अवतार में काशी विश्वनाथ धाम
काशी विश्वनाथ मंदिर को नए अवतार में दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। करीब सवा 5 लाख स्क्वायर फीट में बना काशी विश्वनाथ धाम बनकर पूरी तरह तैयार है। इस भव्य कॉरिडोर में छोटी-बड़ी 23 इमारतें और 27 मंदिर हैं। कॉरिडोर को 3 भागों में बांटा गया है। इसमें 4 बड़े-बड़े गेट और प्रदक्षिणा पथ पर संगमरमर के 22 शिलालेख लगाए गए हैं। इनमें काशी की महिमा का वर्णन किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications