वाराणसी: वर्दी उतरवा दूंगा... चौबेपुर थाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वाराणसी के चौबेपुर थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति द्वारा दरोगा को वर्दी उतरवाने की धमकी दी जा रही है
वाराणसी, 31 अगस्त: वाराणसी के चौबेपुर थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति द्वारा दरोगा को वर्दी उतरवाने की धमकी दी जा रही है। बताया जा रहा है कि चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क दुर्घटना में एक बच्ची के घायल हो जाने के बाद काफी संख्या में गांव वाले ग्राम प्रधान के साथ थाने पर पहुंचे, जहां पर लोगों ने हंगामा किया। इस दौरान वहां पर मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया और अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बाइक चालक को पकड़ी थी पुलिस
बताया जा रहा है कि चौबेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाइक के धक्के से एक बच्ची घायल हो गई थी। इस दौरान वहां मौजूद क्षेत्रीय लोगों ने बाइक सवार को जमकर पीट दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस बाइक सवार और उसके साथ मारपीट करने वालों को थाने पर ले आई। इसी बात की जानकारी मिलने के बाद ग्राम प्रधान राघवेंद्र जायसवाल अपने साथ काफी संख्या में लोगों को लेकर चौबेपुर थाने पहुंच गया।
वर्दी उतरवाने की दे दी धमकी
कहासुनी के दौरान काफी संख्या में मौजूद भीड़ के बीच पुलिसकर्मी असहाय नजर आए। इस दौरान राघवेंद्र जायसवाल द्वारा पुलिस की वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी गई। बताया जा रहा है कि राघवेंद्र जायसवाल भाजपा का नेता भी है। इस दौरान वहां पर मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस बारे में पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटना के बाद दो पक्षों को थाने पर लाया गया था, काफी संख्या में एक के समर्थक पहुंच गए। ऐसे में समझा-बुझाकर सबको शांत कराया गया। दोनों पक्ष सुलह समझौता करते हुए वापस लौट गए।

पुलिसकर्मियों ने की थी बदतमीजी
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्राम प्रधान द्वारा बताया गया कि थाने पर जानकारी लेने के लिए पहुंचे थे इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ बदतमीजी की गई। थाने पर काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे और पुलिस द्वारा बदतमीजी किए जाने के बाद सभी लोग आक्रोशित हो गए। हालांकि वीडियो किसने बनाया और क्यों वायरल किया गया इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications