Varanasi To Pune Flight: इंडिगो एयरलाइंस ने शुरू की सीधी विमान सेवा, महज इतने घंटे का होगा सफर
इंडिगो एयरलाइन की ओर से शुक्रवार को वाराणसी से पुणे के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई। हवाई सेवा शुरू होने से वाराणसी समेत पूर्वांचल के लोगों की आवाजाही में आसानी होगी।

Varanasi To Pune Flight: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से पुणे के बीच निजी विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस द्वारा सीधी विमान सेवा प्रारंभ कर दी गई है। वाराणसी से पुणे जाने के लिए यात्रियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। अभी तक वाराणसी पुणे के बीच आवागमन करने वाले यात्री कनेक्टिंग फ्लाइट या यातायात के अन्य साधनों का सहारा लेते थे। वाराणसी में मध्य रात्रि में इस विमान का आवागमन होगा।
सवा दो घंटे में पुणे से पहुंच जाएंगे वाराणसी
जारी शेड्यूल के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6इ 6798 प्रतिदिन रात्रि 10:55 बजे पुणे एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा जो मध्य रात्रि में 1:10 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगा वाराणसी से यही विमान रात 1:40 बजे उड़ान भरेगा जो 3:50 बजे पुणे एयरपोर्ट पर उतरेगा। वाराणसी एयरपोर्ट से यह पहली विमान सेवा है जो रात में संचालित की जाएगी। एयरपोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि रात में विमान संचालित होने के चलते अब रात्रि में भी वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों की चहल-पहल देखने को मिलेगी। यह भी बता दे कि अभी तक रात 10:00 बजे के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर किसी भी विमान का संचालन नहीं होता था।
प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी विमान सेवा
इस बारे में इंडिगो एयरलाइंस के स्थानीय मैनेजर द्वारा बताया गया कि वाराणसी से पुणे के बीच शुरू हुई यह विमान सेवा प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक यात्री कनेक्टिंग विमानों का सहारा लेते थे, जिसके चलते समय और पैसा अधिक लगता था। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस विमान सेवा को प्रारंभ किया गया है। हालांकि इस बारे में एविएशन सेक्टर से जुड़े जानकारों का कहना है कि रात में विमान संचालित होने के चलते यात्रियों की संख्या काफी कम हो सकती है। फिलहाल इस बारे में लोगों का कहना है कि वाराणसी से पुणे के बीच सीधी विमान सेवा प्रारंभ हो जाने के कारण वाराणसी समेत पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के लोगों को वाराणसी से पुणे के बीच आवागमन करने में काफी आसानी हो जाएगी।
28 मार्च को शुरू हुई थी गोवा की फ्लाइट
बीपी 28 मार्च को इंडिगो एयरलाइंस द्वारा वाराणसी से गोवा के लिए भी सीधी विमान सेवा प्रारंभ की गई है। 28 मार्च को पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह द्वारा इस विमान सेवा का शुभारंभ किया गया था। वाराणसी से गोवा के बीच संचालित होने वाला यह विमान सप्ताह में 3 दिन अर्थात मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। एविएशन सेक्टर से जुड़े लोगों ने बताया कि वाराणसी से पुणे तथा वाराणसी से गोवा के रूट पर अभी किसी भी एयरलाइंस द्वारा डायरेक्ट फ्लाइट वर्तमान समय में संचालित नहीं की जा रही थी। इन दोनों हवाई रूट पर गर्मियों के सीजन में काफी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है ऐसे में एयरलाइंस को इसका लाभ जरूर मिलेगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications