वाराणसी: बिना मास्क लगाए लोगों को लाठी से खदेड़ रहे थे दारोगा साहब, कटा चालान
वाराणसी, अप्रैल 13: वाराणसी में एक दारोगा को बिना मास्क घूमना और लोगों पर लाठी बरसाना भारी पड़ गया। बिना मास्क दारोगा की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों तक पहुंच गई। इसके बाद दारोगा का चालान कर दिया गया। दरअसल, वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शाम चार बजे के बाद लोगों के घाट पर टहलने पर रोक लगा दी है। जिलाधिकारी के आदेश का पालन कराने सोमवार की शाम चार बजे तुलसी घाट पर अस्सी चौकी पर तैनात दारोगा गौरव उपाध्याय पहुंच गए। इस दौरान वह खुद कोविड प्रोटोकाल उल्लंघन करते दिखे। दारोगा बिना मास्क लगाए ही लोगों को डंडे से खदेड़ते दिखे।

घाट के पास टहल रहे लोगों को लाठी से पीटा
दारोगा गौरव उपाध्याय ने रीवा घाट के पास टहलते मिले लोगों को लाठी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान दारोगा की पिस्टल भी केस की जगह फिल्मी स्टाइल में कमर में दिखाई दी। दारोगा द्वारा बिना मास्क लगाए घूमना और लोगों को इस तरह लाठी से पीटने की वहां मौजूद कुछ लोगों ने फोटो खींच ली। ये फोटोज सोशल मीडिया और पुलिस कमिश्नरेट को ट्वीट कर दी, जिसके बाद अधिकारियों ने मामले में संज्ञान लिया। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की तरफ से बताया गया कि भेलूपुर इंस्पेक्टर ने सार्वजनिक स्थान पर मास्क नहीं लगाने के कारण दारोगा का चालान कर दिया है।
यूपी में रिकॉर्ड 18,021 नए मामले
बता दें, उत्तर प्रदेश में कोरोना के संक्रमण ने भयावह रूप ले लिया है। पिछले 24 घंटों में 18 हजार से ज्यादा नए मामलों ने चिंता पैदा कर दिया है। अकेले राजधानी की बात करें तो यहां 5382 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा, प्रयागराज में 1856, वाराणसी में 1404 व कानपुर में 1271 नए केस मिले हैं। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन ने मंगलवार को जानकारी दी कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 18,021 मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान डिस्चार्ज लोगों की संख्या 3,474 है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 95,980 है। वहीं, संक्रमण से मौतों की संख्या अब बढ़कर 9,309 हो गई है। अमित मोहन ने बताया कि कल प्रदेश में 2,18,965 सैंपल की जांच हुई है।












Click it and Unblock the Notifications