Varanasi News: राजातालाब तहसील परिसर में किसान ने किया आत्मदाह का प्रयास, क्यों हुआ ऐसा? प्रशासन ने दी ये सफाई
Varanasi News: वाराणसी जिले में शुक्रवार दोपहर एक किसान ने तहसील परिसर में खुद को आग लगा ली। जमीन विवाद में लगातार पराजय और न्याय की उम्मीद टूटने के बाद उसने यह कदम उठाया। इस घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसान अपने साथ एक कमंडल में पेट्रोल लेकर पहुंचा था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और वकीलों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। लोग स्तब्ध रह गए और चारों ओर हड़कंप मच गया।

आग की लपटों में घिरे किसान ने दर्द से चीखते हुए मदद की गुहार लगाई। वकीलों और पुलिसकर्मियों ने मिट्टी और कपड़े डालकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक किसान गंभीर रूप से झुलस चुका था।
जमीन विवाद से उपजा विवाद
झुलसे किसान की पहचान वशिष्ठ नारायण गौड़ के रूप में हुई है। वह वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र के जोगापुर गांव के निवासी बताए गए हैं। उनके तीन बेटे नौकरी करते हैं, जबकि वशिष्ठ नारायण गांव की विवादित जमीन पर खेती-बाड़ी कर अपना जीवन चला रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक, जिस जमीन पर किसान का कब्जा था, वह सरकारी दस्तावेजों में ग्राम समाज की संपत्ति दर्ज है। लंबे समय तक चली सुनवाई के बाद राजातालाब तहसील कोर्ट ने 17 मई 2025 को उन्हें जमीन खाली करने का आदेश सुना दिया था।
फैसले के खिलाफ अपील भी खारिज
भूमि बेदखली के आदेश के बाद किसान ने जिला प्रशासन और डीएम कोर्ट में अपील की थी। लेकिन तीन दिन पहले उच्च स्तर पर भी उनकी अपील खारिज कर दी गई। इससे किसान पूरी तरह टूट गए और न्याय से निराश होकर उन्होंने आत्मदाह का प्रयास किया।
इस बीच, सरकारी वकील ने कोर्ट में भूमि के दस्तावेज और नक्शा प्रस्तुत कर दिया था। दूसरी ओर, वशिष्ठ नारायण अपने पक्ष में कोई पुख्ता प्रमाण नहीं दिखा पाए। ग्राम समाज से पट्टे का दावा भी निराधार निकला, जिसके चलते उनका पक्ष कमजोर हो गया।
किसान की दर्दभरी पुकार
आग बुझाने के बाद जब लोग उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, तो किसान लगातार कराहते हुए बोलते रहे कि उन्हें कहीं से इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल पैसे चाहता है और उनकी सुनवाई कहीं नहीं हुई। वह खुद को पूरी तरह असहाय महसूस कर रहे थे।
घायल किसान ने यहां तक कहा कि जब जान ही ले ली जाएगी, तभी क्या प्रशासन हरकत में आएगा? फिलहाल उनका इलाज वाराणसी के जिला अस्पताल और बाद में ट्रॉमा सेंटर में कराया जा रहा है। घटना के बाद एसडीएम और एसीपी मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में लिया।
इस बारे में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि आराजी नम्बर 529 रकबा 0.036हे0 नवीन परती पर वशिष्ठ नारायन पुत्र स्वo रामअधार, निवासी-ग्राम जोगापुर, परगना कसवार राजा, तहसील राजातालाब, जिला वाराणसी का अवैध अध्यासन होने के दशा में उ०प्र०रा०सं० 2006 की धारा 67 के अन्तर्गत वाद योजित कर नोटिस जारी करते हुए सुनवाई का अवसर प्रदान करते हुए बेदखली का आदेश दिनांक 17.05.2025 को पारित किया गया है। इस प्रकार इन्हें ऊपरी अदालत एवं सक्षम स्तर पर सुनवाई हेतु भी भरपूर अवसर समय दिया गया था।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications