लखनऊ के बाद काशी में बढ़ेगा अन्तर्राष्ट्रीय निवेश, जारी होगा 200 करोड़ रुपए का वाराणसी म्युनिसिपल बॉन्ड
Varanasi Municipal Bond, लखनऊ/वाराणसी। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुखिया योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने 2 दिसंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में लखनऊ म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (LMC) की लिस्टिंग बेल बजाकर की थी। तो वहीं, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के संसदीय क्षेत्र काशी में विकास की रफ्तार दोगुनी करने के लिए वाराणसी नगर निगम म्युनिसपल बांड जारी करने जा रहा है। शहर के बुनियादी ढ़ांचे और जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए वाराणसी नगर निगम 200 करोड़ रुपए का म्युनिसिपल बॉन्ड (Municipal Bond) जारी करने की तैयारी में जुट गया है। लखनऊ के बाद वाराणसी प्रदेश का दूसरा नगर निगम होगा जो अपना बॉन्ड जारी करेगा।

काशी बढ़ेगा अन्तर्राष्ट्रीय निवेश
म्युनिसिपल बॉन्ड जारी होने से काशी में अन्तर्राष्ट्रीय निवेश भी बढ़ेगा। आंकड़ों के मुताबिक, यूपी आने वाले 65 प्रतिशत पर्यटकों की पसंद काशी है। बॉन्ड जारी होने के बाद काशी में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार व आय के संसाधन काफी तेजी से बढ़ेगे। बॉन्ड के माध्यम से जुटाई गई धनराशि को वाराणसी के विभिन्न बुनियादी ढांचागत योजनाओं और विकास में निवेश किया जाएगा। बता दें कि वाराणसी नगर निगम में अभी हाल ही में 89 राजस्व ग्राम और शामिल किए गए हैं। निगम का दायरा बढ़ाने के साथ वहां बुनियादी ढ़ाचे को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी अब नगर निगम की होगी।
विदेशों से निवेश जुटाने में मिलेगी मदद: गौरांग राठी
नगर आयुक्त गौरांग राठी के मुताबिक, म्युनिसिपल बॉन्ड जारी होने के बाद नगर निगम की जनता में छवि अच्छी होगी। विदेशों से निवेश जुटाने में भी काफी मदद मिलेगी। वहीं, बॉन्ड जारी होने के बाद अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रेटिंग करने वाली एजेंसियों को भी कोई कठिनाई नहीं होगी और निगम की रेटिंग में सुधार होगा। बताया कि कंसल्टेंट फर्म या मर्चेंट बैंकर का चयन के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है। इनमें भारत सरकार के नगर विकास विभाग की गाइड लाइन के मुताबिक 9 कंपनिया भाग ले सकेंगी, जिसमे एके कैपिटल सर्विसेस लिमिटेड, एक्सिस बैंक लिमिटेड, दर्शावा एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, ICICI बैंक लिमिटेड, आईसीआरए मैनेजमेंट कंसल्टिंग सर्विसेस लिमिटेड, एसबीआई कैपिटल मार्किट लिमिटेड, स्पा कैपिटल एडवाइजर लिमिटेड, एसआरईआई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड, यस बैंक लिमिटेड शामिल हैं।
बॉन्ड जारी करने के लिए डबल 'ए' या ट्रिपल 'ए' ग्रेड होती है जरूरत
नगर निगम जिस कंसल्टेंट का चयन करेगा, वह कंसल्टेंट कम मैर्चेन्ट बैंकर होगा। जो कंसल्टेंट बॉन्ड जारी करने के साथ ही व्यापार का तरीका भी बताएगा। जो रेटिंग एजेंसियो के नियमों के चलते सुरक्षित निवेश भी है। नगर निगम के मुख्य लेखा अधिकारी मनोज त्रिपाठी ने बताया कि क्रिसल, आईसीआरए, केएआरई, ब्रिक वर्क जैसी एजेंसिया नगर निकायों की रेटिंग करती हैं। इनमे से दो एजेंसी का रेटिंग कराना जरूरी होता है। बताया कि डबल 'ए' या ट्रिपल 'ए' ग्रेड के नगर निकाय ही अपना बॉन्ड जारी कर सकते हैं। वाराणसी नगर निगम की वर्तमान इन्वेस्टमेंट रेटिंग ट्रिपल बी है। जिसे सुधार कर निवेश हेतु डबल 'ए' में परिवर्तित किया जाना अपेक्षित है। नगर निगम वाराणसी में म्युनिसपल बांड सम्बंधित कार्यवाई के लिए अपर आयुक्त कि अध्यक्षता में समिति भी गठित कर दी गई है। ई -निविदा 25 जनवरी तक आमंत्रित है। जून-जुलाई 2021 तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
आइए जानते है क्या होता है बॉन्ड
बॉन्ड असल में एक तरह का साख पत्र होता है, जिससे धन जुटाया जाता है। इसमें एक बॉन्ड जारी करने वाली संस्था एक निश्चित समय के लिए रकम बाजार से उधार ले सकती है। साथ ही सुनिश्चित रिटर्न यानी ब्याज देने के साथ मूलधन वापस करने की गारंटी भी होती है।
काशी में विकास की बयार
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में करोड़ो के बजट से सभी क्षेत्रों में विकास की बयार बह रही है। इसमें रिंग रोड, घाटों का विकास, श्री काशी विश्वनाथ धाम, खिरकिया घाट पर अत्याधुनिक सुविधा युक्त घाट, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, फ्लाई ओवर, प्रदूषण रोकने के लिए सीएनजी वाहन गाड़िया, गंगा में सीएनजी से चलने वाली नावें, इनलैंड वाटर, सड़क और वायु मार्ग से देश और दुनिया से कनेक्टिविटी, आधुनिक चिकित्सीय व्यवस्था, पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे अनेक काम किए जा रहे है। म्युनिसपल बांड जारी होने के बाद काशी में विकास की रफ्तार और तेजी से बढ़ जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications