UP Bijli Bill: भाजपा विधायक के बंद मकान का बिजली बिल आया 3 लाख रुपए, लोग बोले- जनता का क्या होगा?
UP Bijli Bill BJP MLA: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वाराणसी के सिकरौल स्थित सेवापुरी से भाजपा विधायक नील रतन पटेल नीलू के घर का बिजली बिल 3 लाख रुपये आया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि जब यह मामला जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की समन्वय समिति की बैठक में विधायक के प्रतिनिधि ने बताया तो अधिकारी भी हैरान रह गए। इस पूरे मामले की जानकारी होने के बाद जनप्रतिनिधियों ने असंतोष जताया।

भाजपा विधायक के बंद घर का 3 लाख रुपये का बिजली बिल आने की जानकारी होने के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि जब विधायक के साथ बिजली विभाग ऐसा कर सकता है तो सोचिए आम लोगों का क्या होता होगा? फिलहाल मामले की खूब चर्चा हो रही है।
दरअसल, वाराणसी के सर्किट हाउस में सोमवार को जिले के जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिमाह होने वाली समन्वय बैठक संपन्न हुई। बैठक में पिंडरा विधायक डॉक्टर अवधेश सिंह द्वारा पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जा रहे कार्यों पर असंतोष जाहिर की गई।
विधायक ने बताया कि रामनगर में पीडब्ल्यूडी द्वारा सीवर व पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से सड़क निर्माण कार्य प्रभावित होने के मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बिना क्षतिग्रस्त सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन का मरम्मत किए सड़क मरम्मत का कार्य न किया जाए।
इसी तरह विधायक द्वारा कचहरी से संदहा मार्ग पर 90 फीसदी कार्य पूर्ण होने के बावजूद सड़क किनारे इंटरलॉकिंग कार्य कई स्थानों पर शेष होने के साथ ही सीवर के ढक्कन कई स्थानों पर खुले होने के कार्य को शीघ्र पूर्ण कराए जाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पहुंचे थे सेवापुरी विधायक के प्रतिनिधि
इस दौरान सेवापुरी विधायक रतन पटेल नीलू के अस्वस्थ होने के चलते उनकी जगह पर उनके प्रतिनिधि बैठक में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा लटकते विद्युत तारों को दुरस्त कराने के साथ विद्युत पोलो की शिफ्टिंग कार्य तत्काल पूर्ण कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
धिकारियों विशेषकर विद्युत विभाग के अभियंता द्वारा सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि द्वारा 4-5 माह पूर्व जमीन पर लटकते तार को हटाने हेतु कहे जाने के बावजूद अब तक कार्य न होने तथा सर्वे कराकर शीघ्र कार्य कराने की जानकारी पर सर्वे-सर्वे का खेल बंद करने की हिदायत दी गई।
बंद मकान का बिजली बिल आया 3 लाख
बैठक में विधायक के प्रतिनिधि ने बताया कि जब विधायक नीलरतन सिंह पटेल 'नीलू' का सिकरौल स्थित आवास एक वर्ष से बंद है तथा उसमें बिजली का उपयोग नहीं हो रहा है, फिर भी 3 लाख रुपए का बिल आया है। इस पर वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों ने असंतोष व्यक्त किया। विभागीय अधिकारी ने इस समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।
इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, रोहनिया विधायक सुनील पटेल, सेवपुरी विधायक के प्रतिनिधि सहित पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, वीसी वीडीए पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षय वर्मा, सीडीओ हिमांशु नागपाल सहित सभी विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications