Mahashivratri 2023: सात लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन, शिव बारात में उमड़ी भीड़
महाशिवरात्रि पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में शनिवार को 7 लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन किया। वहीं शिव बारात में रात तक हजारों की संख्या में भक्तगण शामिल नजर आए।

बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में शनिवार को Mahashivratri पर्व धूमधाम से मनाया गया। वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम के अलावा मारकंडेय महादेव धाम, रामेश्वर महादेव के अलावा समस्त मंदिरों और शिवालयों में भक्तों की भीड़ देखने को मिली। शुक्रवार की देर रात्रि से लेकर शनिवार दोपहर तक जहां पंचकोशी परिक्रमा के लिए निकले यात्रियों से पंचकोशी मार्ग गुलजार रहा वहीं दोपहर बाद वाराणसी जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से शिव बारात निकाली गई। वहीं वाराणसी में निकलने वाली मुख्य शिव बारात भी इस बार काफी भव्य देखने को मिली। इस बार जी 20 की थीम पर वाराणसी में शिव बारात निकाली जा रही है। देर रात तक बाराती डीजे पर थिरकते नजर आए।

सात लाख से अधिक भक्तों ने किया दर्शन
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में शनिवार को सात लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन किया था। बताया गया कि यह आंकड़ा रात तक और अधिक बढ़ जाएगा। भक्तों के दर्शन करने का सिलसिला सुबह से प्रारंभ हुआ और रात तक चलता रहा। इस बार महाशिवरात्रि पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए और रेड कारपेट और कई अन्य व्यवस्थाएं भी की गई थी। आलम यह रहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम से गोदौलिया चौराहे तक भक्तों की लंबी कतार लगी रही। हर-हर महादेव और बम बम बोल रहा है काशी का जयकारा करते हुए शिवभक्त बाबा धाम में दर्शन करने के लिए पहुंच रहे थे।

बारात देखने के लिए जुटी भारी भीड़
काशी में निकाली जाने वाली मुख्य शिव बारात को देखने के लिए काफी संख्या में भक्तगण देर रात तक डटे रहे। इससे बारात में भूत पिचास का रूप धारण किए भक्तों के अलावा हाथी घोड़े ऊंट भी शामिल रहे। इस बार शिवरात्रि पर्व पर बाबा धाम में दर्शन करने में जिस तरह श्रद्धालुओं का उत्साह दिखाई दिया उसी तरह शिव बारात में भी काफी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। बारात में अलग-अलग तरह की 100 से अधिक झांकी में शामिल रही, इसके अलावा इस बार काशी में निकलने वाली मुख्य शिव बारात को जी 20 के थीम पर निकाला गया। बारात में जी-20 में शामिल देशों के राष्ट्राध्यक्ष का मुखौटा लगाकर तथा उसी देश की तरह परिधान को धारण कर शिवभक्त शामिल हुए। इसके अलावा भूत विचार तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का मास्क लगाकर भी भक्तगण बारात में शामिल हुए। जी-20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष का मुखौटा लगाकर शामिल शिव भक्तों की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाने वाले शिवभक्त द्वारा किया जा रहा था।

सांड बनारसी बने दूल्हा तो बदरुद्दीन बने पार्वती
वाराणसी में महाशिवरात्रि पर निकलने वाली मुख्य शिव बारात में गंगा जमुनी तहजीब भी देखने को मिली। शिव बारात के मुख्य आयोजक दिलीप कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि इस बार शिव बारात में पंडित सुदामा तिवारी उर्फ सांड बनारसी दूल्हा अर्थात भगवान भोलेनाथ का रूप धारण किए हैं तथा बदरुद्दीन अहमद द्वारा माता पार्वती का किरदार निभाया जा रहा है। इसके अलावा बारात में साहब अल्लाह के रूप में 80 वर्षीय अमरनाथ शर्मा शामिल हैं। यह भी बता दें कि वाराणसी के तिलभांडेश्वर मंदिर और महामृत्युंजय महादेव मंदिर के समीप से सुबह में निकली इस शिव बारात को गोदौलिया पहुंचने में रात 10 बज गया। गोदौलिया चौराहे पर भी हजारों की संख्या में भक्तगण मौजूद रहे और मौजूद भक्तों ने हर हर महादेव का नारा लगाते हुए बारातियों का स्वागत किया।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications