पिंडरा: बीजेपी एमएलए ने जिस गांव को लिया गोद देखिए वहां कितना हुआ विकास? ग्रामीण ने कहा- विधायक लौटकर नहीं आए
वाराणसी, 19 फरवरी। उत्तर प्रदेश में चुनाव का माहौल है ऐसे में विधायकों ने अपने क्षेत्र में क्या काम किया है, इस पर भी चर्चा हो रही है। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र से ऐसा ही वीडियो सामने आया है जहां भाजपा विधायक के गोद लिए सिसवां गांव की सड़कें खस्ताहाल दिख रही हैं और ग्रामीण गांव के विकास नहीं होने की बात कहते हुए नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। भाजपा विधायक अवधेश सिंह के बारे में एक ग्रामीण का कहना है कि वे लौटकर कभी सिसवां गांव नहीं आए। वहीं विधायक इस बार फिर से पिंडरा सीट से भाजपा प्रत्याशी हैं और क्षेत्र के विकास के दावे कर रहे हैं। उन्होंने सिसवां के विकास की बात न होने की बात को खारिज कर दिया और कहा कि गांव जाकर देखिए मैं सच बोल रहा हूं या झूठ।

जब मीडियाकर्मी सिसवां गांव पहुंचे तो वहां सड़कें टूटी हुई मिली और नालियों का काम भी आधा-अधूरा दिखा। सिसवां के ग्रामीण युवा अभिषेक उपाध्याय ने कहा कि हम जब छोटे थे तब जैसा हमारा गांव था, अब भी वैसा ही है। मैंने न कभी सड़कें बनते देखी और न ही कोई लाइट लगते देखी। स्वास्थ्य व्यवस्था का गांव में ये हाल है कि अगर कोई बीमार हो जाय या प्रेग्नेंसी का मामला हो, खुद ही बाइक या किसी साधन से अस्पताल ले जाना पड़ता है, यहां कोई एंबुलेस की सुविधा नहीं है। सरकार या विधायक की तरफ से गांव में कोई काम नहीं हुआ।

एमकॉम सेकेंड ईयर की छात्रा अंकुर उपाध्याय ने कहा कि लड़कियों के लिए कोई काम नहीं हुआ, गांव में सड़क और लाइट की हालत खराब है। शिक्षा के मामले में गांव का कोई विकास नहीं हुआ है, आने-जाने में परेशानी होती है, योगी-मोदी से दिक्कत नहीं है, स्थानीय विधायक अवधेश सिंह से दिक्कत है। ग्रामीण सुधाकर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा विधायक को जिताया था कि वो काम करेंगे लेकिन वो गांव में कभी नहीं आए। सड़क, नाली कुछ नहीं बना इसलिए उनसे नाराजगी है। ग्रामीण महिला मांडवी ने कहा कि गांव की क्या हालत है, खुद ही घूमकर देख लीजिए, विधायक आते ही नहीं हैं तो उनको पहचानेंगे कहां से?
Recommended Video
ग्रामीणों की नाराजगी पर विधायक और भाजपा प्रत्याशी अवधेश सिंह ने कहा कि उन्होंने सिसवां का विकास किया है। वहां पर ट्यूबवेल लगवाया है, 25 लाख की लागत से शौचालय बनवाया है। कहा कि विकास नहीं होने की बात कुछ ग्रामीण कह रहे होंगे लेकिन जाकर देख लीजिए कि वे लोग सही कह रहे हैं कि मैं सही कह रहा हूं। विधायक अवधेश सिंह पिंडरा विधासनभा सीट से भाजपा प्रत्याशी हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय से है। विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि इस बार भी उनकी जीत होगी।












Click it and Unblock the Notifications