20 हजार लोगों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, 1500 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 मार्च को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहुंचेंगे। पीएम के आगमन को देखते हुए वाराणसी में तैयारियां की जा रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को देखते हुए वाराणसी में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। वाराणसी के डॉक्टर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक जनसभा को संबोधित करेंगे और कहा जा रहा है कि यहीं से कई परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे। ऐसे में संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में मंच का निर्माण करने के साथ ही जर्मन हैंगर लगाए जाने का कार्य शुरू हो गया है। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी जहां प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होना है वहां पर भी तैयारियां की जा रही हैं।

सभी विधानसभा क्षेत्रों से जुटेंगे कार्यकर्ता
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में 3 जर्मन हैंगर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा 5 सेफ हाउस और संवाद रूम का भी निर्माण किया जा रहा है। 24 मार्च को इस मैदान में वाराणसी के 8 विधानसभा क्षेत्रों से भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता तथा संभ्रांत नागरिक जुटेंगे। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान इस मैदान में 20000 लोग पहुंचेंगे यहीं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी की जनता को करोड़ों की सौगात देंगे। कार्यक्रम की सफलता के लिए भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा बैठक की जा रही है और पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी भी दी जा रही है।
आज वाराणसी पहुंचेगी एसपीजी की टीम
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए एसपीजी की टीम सोमवार को वाराणसी पहुंचेगी। वाराणसी एयरपोर्ट के अलावा शहर में जिन-जिन स्थानों पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होना है, उन स्थानों पर पहुंचकर एसपीजी की टीम द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। एसपीजी के अधिकारियों द्वारा सुरक्षा खाका खींचने के बाद उसी के अनुसार आगे की तैयारियां की जाएंगी। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री 24 मार्च को सुबह करीब 10:00 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।
हवाई अड्डे पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रधानमंत्री की अगवानी की जाएगी। उसके बाद भारतीय सेना के हेलीकॉप्टर से प्रधानमंत्री वाराणसी के पुलिस लाइन में पहुंचेंगे। पुलिस लाइन से कार द्वारा प्रधानमंत्री रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में जाएंगे, जहां स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। उसके बाद प्रधानमंत्री संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में पहुंचेंगे जहां जनसभा को संबोधित करने के साथ ही 1500 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं का होगा उद्घाटन
- 46.49 करोड़ रुपए से ग्रामीण पेयजल की 19 परियोजनाएं।
- 28.23 करोड़ रुपए से बाबतपुर एयरपोर्ट पर नया एटीसी टावर और टेक्निकल ब्लॉक।
- ट्रांस वरुणा क्षेत्र की 19.49 करोड़ की पेयजल परियोजना।
- 15.78 करोड़ रुपए से करखियांव औद्योगिक क्षेत्र में इंटीग्रेटेड पैक हाउस का निर्माण।
- 17.24 करोड़ रुपए से भेलूपुर स्थित जल संस्थान परिसर में 2 मेगावाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट।
- 5.89 करोड़ रुपए से कोनिया पम्पिंग स्टेशन में 0.8 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र।
- 13.32 करोड़ रुपए से स्मार्ट सिटी मिशन फेज-2 के तहत सड़कों का सुधार एवं मरम्मत
- 09 करोड़ रुपए से सर्किट हाउस परिसर में अतिरिक्त भवन का निर्माण।
- 6.73 करोड़ रुपए से सारनाथ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण।
- 4.94 करोड़ रुपए से औद्योगिक क्षेत्र चांदपुर-महेशपुर में अधोसंरचना एवं सौंदर्यीकरण कार्य।
- 3.08 करोड़ रुपए से शहर में तीन आंतरिक परिक्रमा पथों का पुनर्विकास।
- 2.86 करोड़ रुपए से सामने घाट के पास लठिया नाले पर बाढ़ सुरक्षा के लिए फ्लिपर गेट का निर्माण।
- 2.24 करोड़ रुपए से चिरईगांव ब्लाक के जाल्हूपुर गांव में विद्युत पशु शवदाह गृह का निर्माण।
- 2.64 करोड़ रुपए से 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में 300 व्यक्तियों की क्षमता वाले मल्टीपरपज हाल का निर्माण।
- 1.3 करोड़ रुपए से पुलिस लाइन में जलापूर्ति कार्य।
- 1.33 करोड़ रुपए से फूलपुर में बैरक व विवेचना कक्ष।
- 1.16 करोड़ रुपए से बड़ागांव में बैरक एवं विवेचना कक्ष का निर्माण।
- 2.99 करोड़- राजघाट प्राथमिक विद्यालय का पुनर्विकास।
- 1.84 करोड़- महमूरगंज कंपोजिट स्कूल का पुनर्विकास।
- 2.86 करोड़- स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पार्कों, तालाबों का सौंदर्यीकरण एवं पुनर्विकास।
इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा
- 644.49 करोड़ से कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक पैसेंजर रोपवे ट्रांसपोर्ट सिस्टम का निर्माण।
- भगवानपुर में 308.09 करोड़ से 55 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण।
- सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम फेज-2 एवं 3 का विकास एवं आधुनिकीकरण 206.92 करोड़ से।
- ग्रामीण क्षेत्रों में 186.72 करोड़ से 59 पेयजल परियोजनाएं शुरू।
- आईआईटी बीएचयू में मशीन टूल्स डिजाइन पर 45 करोड़ से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना।
- काशी विद्यापीठ ब्लॉक के भरथरा में 2.16 करोड़ से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण।
- 3.15 करोड़ से 30 डबल साइडेड एलईडी बैकलिट यूनिपोल लगाए जाएंगे।
- गंगा घाट पर चेंजिंग रूम सहित फ्लोटिंग जेट्टी का निर्माण - 0.99 लाख।












Click it and Unblock the Notifications