गुरु पूर्णिमा पर मंदिर और मठों में उमड़ी रही भारी भीड़, शिष्यों ने लिया गुरू का आशीर्वाद
वाराणसी में गुरु पूर्णिमा पर्व पर मंदिर, मठ और आश्रम में दिखा मेले जैसा दृष्य, शिष्यों ने अपने गुरु का आशीर्वाद लिया
वाराणसी, 13 जुलाई : गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर आज सुबह से ही काशी के मंदिरों और मठों में भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही मां गंगा में स्नान कर जहां लोगों ने मंदिरों में मत्था टेका वहीं अपने गुरु का चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। मंदिर, मठ, आश्रम, और शिक्षण संस्थानों में शिष्यों ने अपने गुरूजनों का पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं गुरु पूर्णिमा पर्व को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। रेलवे स्टेशन बस अड्डा सहित बाजारों भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी गश्त करते दिखाई दिए।

गायत्री शक्तिपीठ पर सजल श्रद्धा-प्रखर प्रज्ञा का हुआ प्राण प्रतिष्ठा
गुरु पूर्णिमा पर नगवा लंका स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य तथा माता भगवती देवी के दर्शन पूजन हेतु गायत्री परिवार के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंधक ट्रस्टी डॉ. रोहित गुप्ता तथा डॉक्टर विंध्याचल सिंह व प्रोफेसर अनिल अग्रवाल के नेतृत्व में अखंड जप के साथ गायत्री परिवार के वरिष्ठ प्रतिनिधि प्रोफ़ेसर श्याम नारायण मिश्र द्वारा "सजल श्रद्धा-प्रखर प्रज्ञा"का प्राण प्रतिष्ठा व अनावरण कर पूजन किया गया।

तुलसीदास अखाड़ा, तुलसी मंदिर में मना महोत्सव
तुलसी घाट के गोस्वामी तुलसीदास अखाड़ा तुलसी मंदिर में आज गुरु पूर्णिमा पर्व गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। अखाड़े के महंत प्रोफेसर विशंभर नाथ मिश्र द्वारा गोस्वामी तुलसीदास के चरण पादुका को स्पर्श करने के साथ ही चित्र पर माल्यार्पण कर विधि विधान से पूजन अर्चन किया गया। प्रोफ़ेसर विशंभर नाथ मिश्र ने कहा कि गुरु की महिमा भगवान से भी ऊपर इसलिए मानी जाती है, क्योंकि गुरु ही हैं जो शिष्य को भगवान तक पहुंचने का रास्ता बताते हैं। सही गलत की पहचान कराते हुए मानव को भवसागर से पार कराते हैं।

मुस्लिम महिलाओं ने उतारी गुरु बालक दास की आरती
पातालपुरी मठ में काशी धर्म परिषद के अध्यक्ष पीठाधीश्वर महंत बालक दास से आशीर्वाद लेने के लिए मठ में हिंदू समुदाय के लोगों के साथ ही मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंचे। नाजनीन अंसारी के नेतृत्व में महंत बालक दास की आरती उतारी गई और पूजा पाठ भी किया गया। महंत बालक दास द्वारा जाति धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता का संदेश देते हुए मुस्लिम महिलाओं को आशीर्वाद दिया गया। महंत बालक दास ने कहा कि जिनकी आस्था सनातन संस्कृति में है वह कभी हिंसा के रास्ते पर नहीं जा सकते हैं। गुरु की शरण में रहने वाला ईश्वर का कृपा पात्र बन जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज के लोग भी भारतीय और सनातनी हैं, उनको अपने पूर्वजों के संस्कार नहीं छोड़नी चाहिए।

भाजपा नेता ने पीएम और सीएम की फोटो की उतारी आरती
भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री शिवानंद राय ने गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो की आरती उतारी। उन्होंने विधिवत पूजा पाठ करते हुए फोटो को तिलक भी लगाया और पूष्प अर्पित किया। शिवानंद राय ने बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना गुरु मानते हैं। आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उन्होंने अपने गुरु का आशीर्वाद लिया।

कीनाराम मठ में सुबह से ही उमड़ी रही भीड़
वाराणसी के रविंद्रपुरी में स्थित बाबा कीनाराम के समाधि स्थल पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखने को मिली। आश्रम कुंड में स्नान करके श्रद्धालुओं द्वारा वहां पर दर्शन पूजन किया गया। अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम द्वारा शिष्यों को आशीर्वाद दिया गया आश्रम के अंदर और बाहर ही काफी थी जिसके चलते वहां मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। सुबह से लेकर शाम तक प्रांगण में भक्त पूजा पाठ करते दिखाई दिये और गुरू का आशीर्वाद लेते नजर आये।












Click it and Unblock the Notifications